पिथौरागढ़/डीडीहाट/अस्कोट/गंगोलीहाट/नाचनी। पिथौरागढ़ जिले में रविवार को साप्ताहिक कर्फ्यू से सभी बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। जिला मुख्यालय में सुबह मुख्य चौराहों, बाजारों में लोगों की भीड़ देखने को मिली। दोपहर बाद पूरी तरह सन्नाटा पसर गया। जिले में दवा की दुकानों को छोड़कर अन्य चीजों की दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। प्रशासन ने भी बाजार नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। कहीं पुलिस ने लोगों पर कार्रवाई की तो कहीं अपील कर नियमों का पालन करने को कहा।
रविवार को साप्ताहिक कर्फ्यू का प्रशासन ने सख्ती से पालन कराया। सुबह के समय मजदूरों का कुछ स्थानों पर जमावड़ा रहा। यात्रियों की आवाजाही भी रही, लेकिन दुकानें पूरी तरह से बंद रहीं। टकाना, लिंक रोड, जीआईसी, सिमलगैर बाजार, घंटाकरण तिराहे, सिल्थाम में दुकानें पूरी तरह बंद रही। हेयर ड्रेसर, चाय की दुकानें, राशन, सब्जी दुकानें भी पूरी तरह बंद रहीं। इससे लोग जरूरी सामान नहीं खरीद पाए। हालांकि गांधी चौक में स्थानीय सब्जी उत्पादकों ने दुकानें लगाकर लोगों को थोड़ी राहत दी। सड़कों पर तहसीलदार पंकज चंदोला ने कर्फ्यू का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को चेतावनी दी और बेवजह घूमने वालों को घर भेजा। दोपहर बाद लोग पूरी तरह से घरों में कैद रहे।
हाथों में डंडा लेकर स्वयं सड़कों पर निकले एसडीएम गोस्वामी
डीडीहाट। डीडीहाट के एसडीएम केएन गोस्वामी ने कोरोना कर्फ्यू का पूरा तरह पालन कराया। उन्होंने स्वयं हाथों में डंडा लेकर खुली दुकानों को बंद कराया। नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटकर कार्रवाई की। अस्कोट बाजार भी पूरी तरह बंद रहा। गंगोलीहाट, गणाईगंगोली, बंगापानी में कर्फ्यू के दौरान बाजारों में लोगों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। बाजार पूरी तरह बंद रहे। नाचनी में साप्ताहिक कोराना कर्फ्यू का लोगों ने पूर्ण पालन किया। बांसबगड़, क्वीटी, तेजम के बाजार भी रहे। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नेगी नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। जौलजीबी, बलुवाकोट के बजार भी पूरी तरह से बंद रहे। (संवाद)
झूलापुल पर कम रही आवाजाही
धारचूला/थल। सीमांत धारचूला में कोरोना कर्फ्यू का व्यापक असर दिखा। बाजार बंद होने के कारण नेपाल से लोग भी खरीददारी के लिए नहीं आए। झूलापुल पर आवाजाही और दिनों की भांति कम रही। नेपाल क्षेत्र के लोगों को कर्फ्यू की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने भारतीय सीमा में प्रवेश नहीं किया। पुल पर फार्मासिस्ट किशोर सिर्खाल, ईश्वर मार्छाल के नेतृत्व में टीम ने पुल पार से आने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग की। सीओ ओपी शर्मा और कोतवाल प्रभात कुमार ने लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की। थल में कर्फ्यू से बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। केवल दवा और पेट्रोल पंप की दुकानें खुली रहीं। सब्जी की दुकान, खाने के होटल पूरी तरह बंद रहे। सुबह कुछ वाहन सवारी लेकर निकले। चौराहों पर थल थाने की पुलिस ड्यूटी पर तैनात रहीं। संवाद
रोडवेज की बसों में पड़ा अधिक भार
पिथौरागढ़। कोरोना कर्फ्यू के कारण रोडवेज की बसों में सीट के लिए मारा मारी रही। टैक्सी संचालकों के दोगुने किराये के कारण अधिकांश लोगों ने रोडवेज की बसों में सफर करना मुनासिब समझा। सुबह से ही बरेली, टनकपुर, दिल्ली, देहरादून जाने वालों का तांता लगा रहा। बसों में सामाजिक दूरी का पूरा पालन किया गया।
रविवार को रोडवेज की सात बसें दिल्ली, पांच देहरादून, दो बरेली, दो धारचूला और दो झूलाघाट के लिए गईं। टाइम ऑफिस के मोहन सिंह ने बताया कि टैक्सी वाहनों में दोगुना किराया होने के कारण लोगों ने रोडवेज की बसों में यात्रा करना बेहतर समझा। इसके अलावा केएमओयू की बसों का भी संचालन जारी रहा। (संवाद)
कहीं 1600 तो कहीं हजार
पिथौरागढ़। कोरोना कर्फ्यू का टैक्सी संचालकों ने लोगों की मजबूरी का खूब फायदा उठाया। टैक्सी चालकों ने यात्रियों से हल्द्वानी का किराया 1200 और 1600 वसूला। कहीं 1000 रुपया टैक्सी कार में लिया गया। जहां सामान्य दिनों किराया 600 और 800 होता था। उसे बढ़ाकर दोगुना किया गया। जिस कारण कई टैक्सियां स्टैंडों में खड़ी रही। इसके अलावा जिले के आंतरिक रूटों में भी टैक्सियों में यात्रियों से दोगुना किराया वसूलने से यात्री काफी परेशान नजर आए। (संवाद)
चाय, बाल और राशन की दुकानें बंद
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में बाजार बंद होने के कारण चाय, हेयर सैलून, राशन की दुकानें बंद रहीं। लोगों को बाजार में चाय तक नसीब नहीं हुई। यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। पीने के लिए पानी की बोतल तक नहीं खरीद सके। मनोज सिंह ने बताया कि चायपानी की दुकानें बंद होने से काफी परेशानी उठानी पड़ी। हेयर कटिंग सैलून भी बंद रहे। कई लोग बाल कटाने पहुंचे लेकिन खाली हाथ लौटना पड़ा। बाल कटाने आए सुमित ने बताया कि उन्हें कर्फ्यू की जानकारी नहीं थी और वे बाल कटाने आ गए। (संवाद)
टैक्सी बुक कर जाना पड़ा घर
पिथौरागढ़। कोरोना कर्फ्यू के कारण लोगों को दोगुने दाम में टैक्सियां भी बुक करनी पड़ी। दिल्ली से आए राहुल जोशी ने बताया कि उन्हें अपने रिश्तेदारों के वहां शादी के लिए आए थे। कल शाम वे दिल्ली से चले थे। अब गंगोलीहाट जाने के लिए उन्हें वाहन उपलब्ध नहीं हो रहा है। जिसके बाद उन्होंने चार हजार में गंगोलीहाट के लिए वाहन बुक किया। शादी ब्याह में रिश्तेदारी में जाने वाली महिलाओं को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी।
दौड़ती रहीं टैक्सियां
मूनाकोट/झूलाघाट। क्षेत्र में कर्फ्यू का पूरा असर दिखा। वड्डा कस्बे में अधिकांश दुकानें बंद रहीं। परंतु लोग चहलकदमी करते दिखे। बड़ालू में दुकानें बंद रही, लेकिन खनन के टिप्पर और गाड़ियां चलती रहीं। गौरीहाट कस्बा पूरी तरह खुला रहा। झूलाघाट में सुबह से दुकानें खुली रहीं। पुलिस ने बाद में दुकानों को बंद करवाया। नेपाल का जूलाघाट कस्बा खुला रहा। नेपाल से यात्री भारत की ओर आए। दिन भर पिथौरागढ़-झूलाघाट मार्ग में टैक्सी चलती रही। संवाद