पिथौरागढ़ कोतवाली में प्रदर्शन करते सिनेमा लाइन के लोग
- फोटो : अमर उजाला
सिनेमा लाइन क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के विरोध में लोगों ने कोतवाली में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सिनेमा लाइन क्षेत्र में अराजक तत्व लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस कुछ नहीं कर रही है।
सभासद पवन माहरा के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे लोगों ने कहा कि मंगलवार रात सिनेमा लाइन निवासी पूरन नगरकोटी की घर के पास खड़ी स्कूटी चोरी हो गई थी, जो बुधवार रात तीन किमी दूर ऐंचोली के पास बरामद हुई। दो दिन पहले टकाना खेत से रसोई गैस सिलिंडर चोरी हो गया था। सभासद माहरा ने पुलिस से चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
छात्र नेता मुकेश भट्ट ने कहा कि रोज शाम को कलक्ट्रेट परिसर में बाइकरों का आतंक रहता है। जिससे शाम के समय घूमने वाले लोगों को खतरा बना रहता है। इस पर भी अंकुश लगाया जाना चाहिए। प्रदर्शन में पवन शर्मा, धीरज सार्की, निखिल सार्की, दिव्यांश चौहान, मोहम्मद अहसान, संजू बोरा, गणेश सौन, दिनेश कुमार आदि शामिल थे।