पिथौरागढ़। अब डुंडूखोला और गणकोट के लोगों को भरपूर पानी मिलेगा। दो करोड़ की लागत से पंपिंग योजना से बनेगी जिससे यहां के 395 परिवारों को पर्याप्त पानी मिलेगा। करीब दो हजार की आबादी को अब नौले-धारों की दौड़ नहीं लगानी होगी। जल संस्थान का दावा है कि अगले महीने की शुरूआत में लोगों को इस योजना से पानी मिलेगा।
बिण विकासखंड के डुंडूखोला और गणकोट के 395 परिवार वर्षों से जल संकट से जूझ रहे हैं। खासकर डुंडूखोला गांव तक पानी पहुंचाने के लिए कोई भी पेयजल योजना अब तक धरातल पर नहीं उतरी है। ऐसे में दोनों गांवों की 2000 से अधिक की आबादी को खासी दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
दोनों गांवों के लोगों को जलसंकट से छुटकारा दिलाने के लिए दो साल पूर्व कुचीगाड़ से 203.77 लाख की पंपिंग योजना का निर्माण शुरू हुआ। जल संस्थान के मुताबिक योजना का कार्य अंतिम चरण में है।
अधिकारियों के मुताबिक फरवरी महीने की शुरुआत में योजना का संचालन शुरू होगा। ऐसे में दोनों गांवों के लोगों को जल संकट से छुटकारा मिलने की उम्मीद जगी है।
570 मीटर ऊंचाई पर पहुंचाया गया है कुचीगाड़ का पानी
पिथौरागढ़। दोनों गांवों के ग्रामीणों की प्यास बुझाने के लिए बनी पंपिंग योजना में 570 मीटर ऊंचाई पर कुचीगाड़ का पानी पहुंचाया गया है। मुख्य टैंक तक दो स्टेज में पानी पहुंचा है। 320 मीटर ऊंचाई पर पहला तो 570 मीटर ऊंचाई पर दूसरा टैंक बनाया गया है जहां से दोनों गांवों तक पानी पहुंचेगा।
सितंबर महीने से नहीं मिला बजट
पिथौरागढ़। योजना से जनवरी 2025 में गांवों तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य तय है। बीते सितंबर महीने से जल संस्थान को 35 प्रतिशत धनराशि यानि करीब 70 लाख रुपये का भुगतान नहीं हुआ है। ऐसे में बजट की कमी आड़े आने से योजना की रफ्तार धीमी हुई तो योजना के संचालन में देरी हुई है। बजट की कमी के चलते अब क्षेत्र के लोगों को पानी के लिए एक महीना और इंतजार करना पड़ रहा है।
कोट -
डुंडूखोला पंपिंग योजना का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अगले महीने की शुरुआत से इस योजना से ग्रामीणों को पानी मिलेगा। योजना के संचालन में देरी की वजह बजट न मिलना है। - सुरेश जोशी, ईई, जल संस्थान, पिथौरागढ़।