पिथौरागढ़। एसएस जीना विश्वविद्यालय के एलएसएम परिसर के पुस्तकालय में छात्र-छात्राओं के बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर नहीं है। एक सौ से अधिक छात्र-छात्राएं फर्श पर बैठकर किताबें पढ़ने के लिए मजबूर हैं।
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के पिथौरागढ़ कैंपस में चार हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। खाली पीरियड में विद्यार्थी पुस्तकालय में बैठकर अपनी पढ़ाई करते हैं। परिसर की लाइब्रेरी में वर्तमान में केवल 50 कुर्सियां हैं जबकि प्रतिदिन लाइब्रेरी में पढ़ने के लिए 150 से अधिक विद्यार्थी आते हैं। अधिकांश बच्चों को फर्श या सीढि़यों पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है। कई बार खराब मौसम में छात्र-छात्राओं को लौटना पड़ता है। छात्रा विनीता कठायत ने बताया कि पुस्तकालय में साफ टाॅयलेट, पीने के लिए पानी और बिजली चले जाने पर इनवर्टर की व्यवस्था नहीं है। छात्र-छात्राओं ने पुस्तकालय में सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
कैंपस में डिजिटल पुस्तकालय का निर्माण कराए जाने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है। स्वीकृति मिलते ही इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा।
- डॉ. हेम चंद्र पांडेय, निदेशक पिथौरागढ़ कैंपस।