होकरा गांव में जमीन दरकने से खतरे की जद में आए मकान। संवाद
नाचनी/ पिथौरागढ़। बृहस्पतिवार की रात्रि मूसलाधार बारिश से होकरा गांव के वार्ड नंबर एक के चौखुना तोक में जमीन दरकने से 13 परिवार खतरे की जद में आ गए हैं। खतरे वाले सात परिवारों को अन्यत्र शिफ्ट कर दिया है। भूस्खलन से गांव का एएनएम सेंटर भी खतरे में आ गया है। होकरा- नामिक सड़क 10 मीटर धंस गई है।
गांव के पूर्व प्रधान वर्तमान भाजपा मंडल अध्यक्ष सुंदर सिंह मेहता ने बताया कि तेज बारिश से एक सप्ताह से गांव के चौखुना तोक में हल्की दरारें पड़ रहीं थीम। बृहस्पतिवार रात्रि मूसलाधार बारिश से जमीन दरकने से इंद्र सिंह, कुंवर सिंह, केशर सिंह, त्रिलोक सिंह, कैलाश सिंह ,राजेंद्र सिंह और रमेश सिंह के घरों की नींव तक जमीन खिसक गई। इसके चलते सात परिवार खतरे में आ गए। इन सात परिवारों को घरेलू सामान और मवेशियों के साथ प्रधान दुर्गा देवी, सामाजिक कार्यकर्ता पूरन सिंह और ग्रामीणों की मदद से आंगनबाड़ी भवन, त्रिलोक सिंह, राम सिंह, देवेंद्र सिंह और कुंदन सिंह के घरों में शिफ्ट कर दिया है। नारायण सिंह, जगत सिंह, गंगा सिंह, धर्म सिंह, प्रताप सिंह और पानुली देवी के मकान भी खतरे की जद में हैं। इन्हें बारिश से भूस्खलन का डर सता रहा है। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर प्रभावितों की मदद की गुहार लगाई है।
...................
पीएम श्री राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का भवन खतरे की जद में
बंगापानी (पिथौरागढ़)। बृहस्पतिवार रात हुई मूसलाधार बारिश से बंगापानी तहसील के पीएम श्री राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जारा जिबली का भवन खतरे की जद में आ गया है। विद्यालय और समालगांव के बीच बहने वाली गुनीगाड़ का रुख विद्यालय की ओर हो गया इससे विद्यालय परिसर में पानी घुस गया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य इंद्र सिंह परिहार ने कहा कि समय रहते सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो विद्यालय के भवन को भी नुकसान हो सकता है।
.................