पिथौरागढ़। नैनीपातल में डंप कूड़े से दुर्गंध की समस्या अब नहीं रहेगी। नगर निगम ने ट्रंचिंग ग्राउंड में रिसाइक्लिंग यूनिट का संचालन शुरू कर दिया है। शहर से यहां आने वाले टनों कचरे का रोज निस्तारण किया जाएगा। मेयर कल्पना देवलाल ने शुक्रवार को नैनीपातल में ट्रंचिंग ग्राउंड में स्थापित रिसाइक्लिंग मशीन का शुभारंभ किया।
पिथौरागढ़ नगर निगम के 40 वार्डों से प्रतिदिन 28 से 30 टन कूड़ा निकलता है। इस कूड़े को पिथौरागढ़-धारचूला एनएच पर स्थित नैनीपातल में डंप किया जाता है। दशकों से जमा कूड़े का निस्तारण करने के लिए दो वर्ष पूर्व यहां पर रिसाइकिलिंग यूनिट स्थापित की गई थी। इससे लाखों टन कूड़े का निस्तारण किया गया था। कुछ समय से रिसाइकिलिंग का कार्य बंद था। नगर निगम ने अब मशीन का संचालन शुरू कर दिया है। मेयर कल्पना देवलाल ने कहा कि कचरा निस्तारण मशीन के शुरू होने के बाद से रोज कचरे का निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नैनीपातल ट्रंचिंग ग्राउंड में सुरक्षा दीवार निर्माण पूर्ण हो गया है। इससे आसपास के वातावरण में दुर्गंध नहीं हागी। इस मशीन से बेकार कचरा मिट्टी में परिवर्तित होगा और प्लास्टिक, लोहा, अन्य पदार्थ को एकत्र कर रिसाइकिल प्लांट में भेजा जा सकेगा। उन्होंने ठेकेदारों को मानकों का पालन कर प्रतिदिन के कूड़ा निस्तारण की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निर्धारक अधिकारी राजेश नैथानी ने बताया कि निगम के 40 वार्ड से प्रतिदिन 28 से 30 टन कूड़ा निकलता है। इस कूड़े को प्लांट में ले जाकर गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग किया जाएगा। गीले कूड़े से कंपोस्ट तैयार होगा और सूखे कूड़े को छांटकर बेचा जाएगा। इससे निगम को अतिरिक्त आय प्राप्त होगी। इस दौरान मानचित्रकार नंदा बल्लभ पांडेय सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।