पिथौरागढ़। वन विभाग की स्वीकृति के बाद भी कठपतिया-दौला सड़क का निर्माण शुरू न होने से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। उन्होंने जल्द सड़क कटिंग शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
कनालीछीना विकासखंड के नैनी, भनाईजर, भैवस्वानी, लमड़ा, धामीगांव, दौला के लोगों ने लोनिवि के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि बीते फरवरी महीने में उनके गांवों को जोड़ने के लिए कठपतिया-दौला सड़क को वन विभाग की स्वीकृति मिल चुकी है। एक महीने से अधिक का समय बीतने के बाद विभाग ने सड़क निर्माण शुरू नहीं किया है। सड़क नहीं होने से क्षेत्र की डेढ़ हजार से अधिक की आबादी कोदिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। अधिकतर ग्रामीण पहले की पलायन कर चुके हैं और कई अब भी पलायन का मन बना रहे हैं। यदि सड़क बनती तो गांवों से पलायन रुकता और इनका विकास भी होता। चेतावनी दी कि जल्द सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे। ज्ञापन देने वालों में ललित उपाध्याय, भुवन उपाध्याय, गिरीश उपाध्याय, गुड्डू, सतीष, तपोधन आदि शामिल रहे। संवाद