ग्राम सभा जीवी में सड़क पर बने गड्ढों में बरसात के बाद बना पानी का तालाब। स्रोत : ग्रामीण
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से छह किलोमीटर दूर ग्राम सभा जीवी की सड़क बदहाल बनी हुई है। इससे कालिका मंदिर और गंगा स्नान के लिए आवाजाही करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से बदहाल सड़क मरम्मत करने की मांग की है।
मानसून करीब है और सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की अवधि भी बीत चुकी है लेकिन जिला मुख्यालय से मात्र छह किलोमीटर दूर जीबी सड़क पर गड्ढे हैं। सड़क पर इतने गड्ढे हैं कि कई गड्ढों पर बरसात का पानी जमा होने से तालाब बने हुए है। ग्रामीणों के मुताबिक बरसात में यह गड्ढे पानी भरने से और अधिक बदहाल हो जाते हैं। इससे मंदिर जाने वाले ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों के मुताबिक इस सड़क से हर रोज सैकड़ों श्रद्धालु कोटवी कालिका मंदिर और गंगा स्नान के लिए आवाजाही करते हैं। कहा कि स्थिति की जानकारी के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं की जा रही है। इससे हादसा होने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने शासन-प्रशासन से बदहाल सड़क के मामले में तुरंत संज्ञान लेकर मरम्मत का कार्य शुरू करने की मांग की है।