बंगापानी (पिथौरागढ़)। तहसील क्षेत्र में एक भी आधार केंद्र नहीं है। इससे 50 हजार की आबादी कई समस्याएं झेल रही है। आधार कार्ड बनाने और इसमें संशोधन के लिए लोगों को 100 किमी दूर जिला मुख्यालय की दौड़ लगाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। लोग लंबे समय से आधार केंद्र खोलने की मांग कर रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
बंगापानी तहसील क्षेत्र की करीब 50 हजार से अधिक की आबादी के लिए एक भी आधार केंद्र नहीं है। ऐसे में क्षेत्र के लोगों को नए आधार कार्ड बनाने, अपडेट करने और इसमें संशोधन के लिए जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ रही है। 50 रुपये की फीस देकर आधार कार्ड बनाने के लिए लोगों को वाहन के किराये में 700 रुपये खर्च करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
खासकर बच्चों का आधार कार्ड बनाने में दिक्कत झेलनी पड़ रही है। अभिभावकों को बच्चों को लेकर आधार कार्ड बनाने के लिए भटकना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोग कई बार आधार केंद्र खोलने की मांग कर चुके हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
निवर्तमान प्रधान संजीव बिष्ट ने बताया कि ग्राम पंचायत जारा का पोस्ट ऑफिस मुख्य सड़क किनारे संचालित है। यदि यहां आधार केंद्र खोला गया तो क्षेत्र के लोगों को खासी राहत मिलेगी। चेतावनी दी कि यदि जल्द आधार केंद्र नहीं खुला तो क्षेत्र के लोग आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। संवाद