गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। तहसील के पांच गांवों की प्यास बुझाने वाली शालीखेत पंपिंग योजना की लीकेज लाइन से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। ऐसे में इन गांवों में जलापूर्ति ठप है और दो हजार लोग पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों और व्यापारियों ने जल संस्थान के अधिकारियों को ज्ञापन देकर जल्द लाइन ठीक कर पेयजल आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के कफलाड़ी, दशाईथल, मल्ला गर्खा, गुप्तड़ी, सुनाड़ गांव की दो हजार की आबादी की प्यास बुझाने वाली शालीखेत पंपिंग योजना की लाइन जीआईसी के पास लीकेज है। लाइन से हर रोज हजारों लीटर पानी बर्बाद होकर एनएच पर बह रहा है।
गांवों तक जलापूर्ति न होने से ग्रामीणों को दिक्कत हो रही है। एनएच पर बह रहा पानी दुकानों तक पहुंच रहा है। सभी गांवों के ग्रामीण और स्थानीय व्यापारी शुक्रवार को जल संस्थान कार्यालय पहुंचे और जेई रूपेश आर्या को ज्ञापन दिया।
उन्होंने कहा कि गर्मी बढ़ते ही जल स्रोतों का जलस्तर घटने से पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। चेतावनी दी कि जल्द लीकेज लाइन ठीक होने के साथ सभी गांवों में जलापूर्ति सुचारू नहीं हुई तो वे सड़कों पर उतरेंगे। ज्ञापन देने वालों में व्यापार संघ सचिव मनीष बिष्ट, कोषाध्यक्ष पुष्कर खाती, मुख्य संरक्षक प्रदीप पंत, किशन सिंह भंडारी, किशन उप्रेती आदि शामिल रहे।