देवलथल से शहीद गिरीश सामंत के गांव उड़ाई होते हुए खोला गांव तक बन रही सड़क में एक पुल का निर्माण न होने से आक्रोशित लोगों ने आज देवलथल बाजार में प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि पुल न बनने से लोगों को यातायात की सुविधा नहीं मिल पा रही है। यदि तत्काल पुल का निर्माण शुरू नहीं किया गया तो लोग उग्र आंदोलन को बाध्य हो जाएंगे।
जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने बताया कि खोला गांव जाने वाली सड़क में एक छोटी सी नदी पड़ती है। उसमें पुल का निर्माण होना है। लोनिवि ने एक माह पूर्व पुल के निर्माण के लिए निविदा आमंत्रित की थी लेकिन अब कहा जा रहा है कि पुल निर्माण के लिए धन नहीं है। उन्होंने कहा कि जब विभाग के पास पैसा नहीं था तो टेंडर क्यों लगाए गए। उन्होंने कहा कि जनता को यातायात सुविधा से वंचित करने की कोशिश की जा रही है। यदि पुल बन जाता तो लोग आवागमन आसानी से कर लेते। उन्होंने कहा कि अभी तो देवलथल में ही प्रदर्शन किया गया है। बाद में जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन में नरेश पांडे, दिनेश पांडे, गोकुल कुमार, कमल किशोर, दीपक सामंत, श्याम सिंह, सुरेंद्र बसेड़ा, मनोज पांडे, दयाकिशन पांडे समेत अन्य लोग शामिल हुए। कारगिल शहीद गिरीश सामंत के गांव के लिए सरकार ने सड़क तो मंजूर की थी लेकिन सड़क से अब तक लोगों को कोई फायदा नहीं मिल पाया है।