झूलाघाट में बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
नेपाल सीमा पर बसे झूलाघाट बाजार में हाई वोल्टेज से कई लोगों के इलेक्ट्रानिक उपकरण फुंक गए हैं, इससे गुस्साए लोगों ने बिजली विभाग का पुतला फूंका। साथ ही नुकसान के भरपाई की मांग की।
झूलाघाट कस्बे के लोग पिछले एक सप्ताह से हाई वोल्टेज से परेशान हैं। शनिवार तक कस्बे के आठ लोगों के टीवी, फ्रिज फुंक चुके थे। रविवार को नौशाद अहमद का लैपटॉप, डॉ. प्रकाश पंगरिया, आनंद बल्लभ भट्ट, नीरज भट्ट, मनोज जोशी केे फ्रिज, डिगरदेव गड़कोटी, अतुल डिक्टिया, सूर्य बहादुर श्रेष्ठ की टीवी, भुवन पंगरिया का इंडक्शन चूल्हा फुंक गया। लक्ष्मण साउद के होटल में शॉट-सर्किट से रजाई, गद्दों में आग लग गई। इससे गुस्साए व्यापारियों ने डमरू चौक के पास बिजली विभाग के अधिकारियों का पुतला फूंका।
व्यापार संघ अध्यक्ष संजीव जोशी ने कहा कि झूलाघाट में गर्मी शुरू हो गई है। बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं। विभाग लाइन की मरम्मत के लिए अकुशल लोगों को भेज रहा है। अब तक कस्बे के 25 लोगों के इलेक्ट्रानिक उपकरण फुंक चुके हैं। उन्होंने कहा कि विभाग ने व्यापारियों के नुकसान की भरपाई नहीं की तो व्यापारी न्यायालय की शरण लेने को बाध्य होंगे। व्यापारी नेता बृजेश गढ़कोटी ने कहा कि सोमवार तक व्यवस्था नहीं सुधारी तो मंगलवार को पिथौरागढ़ स्थित विभाग के कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। इस दौरान अतुल डिक्टिया, प्रकाश डिक्टिया आदि मौजूद थे।