बेड़ीनाग में पोस्टआफिस के आगे प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
इंटरनेट सेवा ठप होने से उप डाकघर में जमा और भुगतान के लिए पहुंचे लोगों का कोई काम नहीं हुआ। इस पर घंटों लाइन में खड़े लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने डाकघर के सामने ही प्रदर्शन किया। डाक विभाग का इंटरनेट बीएसएनएल से ही चलता है।
व्यापार संघ अध्यक्ष ललित मेहरा के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने कहा कि पिछले दो महीने से डाकघर में एक सी समस्या बनी है। कभी डाक विभाग का सर्वर खराब हो जाता है और कभी इंटरनेट सेवा ठप हो जाती है। दूरदराज से आने वालों को भारी दिक्कत होती है। लोगों के अधिकांश काम डाकघर से ही संबंधित होते हैं। लोगों के बचत खाते भी डाकघर में ही हैं। पोस्टमास्टर जगदीश बेरी ने बताया कि इंटरनेट में गड़बड़ी के कारण यह व्यवधान हुआ है। इसे जल्दी ठीक कर लिया जाएगा।
कोशिश की जा रही है कि बृहस्पतिवार से सारा कामकाज सामान्य तरीके से होने लगे। प्रदर्शन में बलवंत राठौर, विनोद पाठक, किशोर टम्टा, राम सिंह भौर्याल आदि शामिल थे। बैंकिंग सेवाओं पर भी इंटरनेट ठप होने का असर पड़ा है। इधर, बीएसएनएल के अधिकारियों ने बताया कि केबल लाइन में खराबी आने से यह व्यवधान हुआ है।
बीएसएनएल की कनेक्टिविटी ठप रही
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। मंगलवार रात 10 बजे से बीएसएनएल की कनेक्टिविटी पूरी तरह से ठप हो गई है। इस कारण लोगों के आवश्यकीय काम प्रभावित हो रहे हैं। 16 घंटे से भी ज्यादा समय होने के बाद कनेक्टिविटी सुचारु न होने के कारण लोगों में बीएसएनएल के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। बुधवार सुबह बैंकों, पोस्ट ऑफिस में जरूरी कामों के लिए पहुंचे लोगों को कनेक्टिविटी न होने से मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बैंकों और पोस्ट ऑफिस में लोग घंटों लाइनों में खड़े होकर इंतजार करते रहे। लोगों का कहना है कि कुछ समय से गंगोलीहाट क्षेत्र में बीएसएनएल संचार सेवाएं सही ढंग से व्यवस्थित कर पाने में असमर्थ है। बीएसएनएल की संचार सेवाएं आए दिन खराब होती जाती है।