पांखू-कोटमन्या रोड में कीचड़ में फंसा वाहन
- फोटो : अमर उजाला
पांखू-कोटमन्या मार्ग पर हलियाडोब के पास पहाड़ी के लगातार सड़क की ओर खिसकने से बुधवार अपरान्ह से यातायात बंद हो गया है। यह क्रम बीते दस दिनों से चल रहा है। इस कारण सड़क संकरी हो गई है और उसमें कीचड़ का दलदल बन गया है।
यह सड़क बेड़ीनाग और बागेश्वर को पांखू से जोड़ती है। इस रोड से स्थानीय लोगों के अलावा कोटगाड़ी मंदिर में भगवती माता के दर्शनों के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। बसों और टैक्सियों का संचालन बंद रहने से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। कई श्रद्धालुओं को बैरंग लौटना पड़ रहा है। दूसरी तरफ टैक्सी चालक पलटी के नाम पर मनमाना किराया वसूल रहे हैं। भाजयुमो जिलाध्यक्ष दीपक कार्की ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने इस भारी काम के लिए मात्र एक जेसीबी लगाई है, जो कि नाकाफी है। यहां पर युद्ध स्तर पर काम की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि सड़क बंद होने से पांखू में सब्जियों और राशन का संकट भी गहरा गया है। कहा कि कार्रवाई न होने पर आंदोलन करेंगे। दूसरी तरफ लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में डाला गया है। सड़क को जल्द ही दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।