शटल सेवा के विरोध में धारचूला में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते कुटी के ग्रामीण। संवाद
धारचूला (पिथौरागढ़)। आदि कैलाश यात्रा के दौरान पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रस्तावित शटल सेवा का कुटी के ग्रामीणों ने विरोध किया है। इस संबंध में आदि कैलाश विकास समिति के पदाधिकारियों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
बता दें कि मई से आदि कैलाश यात्रा शुरू हो जाएगी। प्रशासन की ओर से ज्योलिंगकांग से पार्वती सरोवर तक शटल सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके माध्यम से पर्यटक आसानी से आवागमन कर सकेंगे। इधर, शटल सेवा के विरोध में बृहस्पतिवार को आदि कैलाश विकास समिति के अध्यक्ष पुनीत सिंह कुटियाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसडीएम मंजीत सिंह के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि शटल सेवा से पर्यटकों की भारी भीड़ बढ़ेगी, जिससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचेगा।
उन्होंने शटल सेवा का निर्णय वापस लेने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में समिति के महासचिव नगेंद्र कुटियाल, कोषाध्यक्ष सुभाष कुटियाल, पुजारी वीरेंद्र कुटियाल, इंद्र सिंह कुटियाल, महेश कुटियाल, पस्ती कुटियाल, मंजू कुटियाल, जसमा कुटियाल, दशरथी कुटियाल, नवीन कुटियाल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।