अल्मोड़ा-बेड़ीनाग रोड पर सिमल्ता के पास गिरा पेड़
- फोटो : अमर उजाला
अल्मोड़ा-बेड़ीनाग मार्ग पर मंगलवार अपरान्ह चार बजे अंधड़ के दौरान दो पेड़ गिरने से यातायात एक घंटे तक बाधित रहा। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। बेड़ीनाग की तरफ से अल्मोड़ा और अल्मोड़ा से बेड़ीनाग, थल को जा रहे कई वाहन, यात्रियों को सड़क खुलने तक इंतजार करना पड़ा। सौभाग्य से यह पेड़ किसी वाहन पर नहीं गिरे। वरना बड़ा हादसा हो जाता।
गंगोलीहाट को जा रही विधायक मीना गंगोला को भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। बाद में लोनिवि और स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ों को काटकर सड़क से हटाया गया। तब जाकर अपरान्ह पांच बजे यातायात सामान्य हुआ। इस इलाके में कई पेड़ खतरनाक हालत में हैं और वह किसी भी समय सड़क को बाधित कर सकते हैं।
मंगलवार शाम करीब चार बजे सिमल्ता और तपोवन के बीच अंधड़ से चीड़ के दो पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर आ गिरे। मौके पर पहुंची विधायक ने लोनिवि के अधिकारियों को फोन से जानकारी दी और सड़क बंद होने के कारण परेशान लोगों की समस्या हल करने को कहा। इस बीच पूरे जिले में मंगलवार को भी मौसम खराब रहा। मुनस्यारी में दिन के समय बारिश हुई। जिला मुख्यालय में दोपहर बाद आसमान पर घने बादल छा गए और तेज हवा चलने लगी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी बारिश और अंधड़ आने की आशंका जताई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी डा. आरएस राणा ने बताया कि मौसम के मिजाज को देखते हुए सभी तहसीलदारों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।