पिथौरागढ़ में पानी की समस्या को लेकर टैंकर से भरने को मजबूर लोग
- फोटो : अमर उजाला
नवनिर्मित आंवलाघाट पेयजल योजना का पानी चौथे दिन भी नहीं मिल सका। लाइनों से गंदा पानी आने के बाद आपूर्ति बंद रही। इससे नगर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल संकट बरकरार रहा। 35 हजार लोगों को दिनभर पानी नहीं मिल पाया।
आंवलाघाट योजना की पेयजल लाइनों में जंग आदि गंदगी के चलते मंगलवार को भी नगर में आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई। जल निगम का पांच एमएलडी क्षमता वाला टैंक भरा का भरा रह गया। ये पानी नगर की आधी आबादी को पानी पिला सकता था, लेकिन निगम की लापरवाही के चलते पर्याप्त पानी होने के बावजूद लोगों को आपूर्ति नहीं हो सकी।
हालांकि, जल संस्थान ने प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर भेजे, लेकिन वह भी नाकाफी साबित हुए। क्षेत्रवासियों को नौलों, धारों और स्टैंडपोस्ट से पानी ढोना पड़ा। दूसरी ओर जल निगम लाइनों में आई गंदगी की सफाई में जुटा रहा। योजना के तहत बने नगर और आसपास की पेयजल लाइनों की सफाई की गई। जल निगम के एसई एलएम कर्नाटक का कहना है कि लाइनों की सफाई का काम चल रहा है। दो दिन के भीतर आपूर्ति शुरू हो जाएगी।