धारचूला में आयोजित बैठक में शामिल अधिकारी और टैक्सी संचालक। संवाद
धारचूला (पिथौरागढ़)। अब आदि कैलाश, पंचाचूली और नारायण आश्रम यात्रा मार्ग पर किसी भी यात्री वाहन को नहीं रोका जाएगा। वैध दस्तावेज के साथ हर टैक्सी यात्रा मार्ग पर संचालित होगी। यदि किसी भी वैध यात्री वाहन को रोका गया तो ऐसा करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम मंजीत सिंह, एआरटीओ शिवांश कांडपाल और सीओ केएस रावत ने स्थानीय टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर यह बात कही।
आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर टैक्सी संचालन के लिए बृहस्पतिवार को एसडीएम मंजीत सिंह, एआरटीओ शिवांश कांडपाल और सीओ केएस रावत ने स्थानीय टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। एसडीएम और एआरटीओ ने स्पष्ट तौर में कहा कि यात्रा मार्ग पर किसी भी वैध टैक्सी को रोकना गलत है। जिस चालक के पास हिल लाइसेंस है, वैध दस्तावेज के साथ वह यात्रा मार्ग पर वाहन का संचालन कर सकता है। यदि किसी भी वैध वाहन को रोका गया तो कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान एआरटीओ ने स्थानीय टैक्सी संचालकों के रोजगार की समस्या का उचित हल निकालने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द ही बैठक की जाएगी। बैठक के बाद स्थानीय टैक्सी संचालकों ने आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर वाहनों का संचालन बंद रखने के फैसले को वापस ले लिया है। बैठक के बाद एआरटीओ ने यात्रा मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाकर बगैर दस्तावेज के संचालित एक वाहन को सीज किया।