उप निर्वाचन में प्रत्याशियों के खर्च के ब्योरे की जांच करते व्यय प्रेक्षक कल्याण नाथ। अमर उजाला
- फोटो : PITHORAGARH
विधानसभा उप चुनाव में सही व्यय लेखा प्रस्तुत नहीं करने पर सपा प्रत्याशी को नोटिस भेजा गया है। भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों का व्यय लेखा ठीक पाया गया।
निर्वाचन के दौरान किए जाने वाले व्यय पर नियंत्रण रखने के लिए जनपद स्तर पर व्यय नियंत्रण तंत्र का गठन करने के साथ ही व्यय प्रेक्षक भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी कल्याण नाथ की तैनाती की गई थी। लेखा का अंतिम परीक्षण मतगणना के एक माह के बाद किया जाता है। मंगलवार को निर्वाचन आयोग की ओर से तैनात व्यय प्रेक्षक कल्याण नाथ ने जिला कार्यालय सभागार में तीनों प्रत्याशियों के निर्वाचन व्यय पंजिका का अंतिम परीक्षण किया।
उन्होंने व्यय लेखा पंजिका का मिलान लेखा टीम के शेडो ऑब्जर्वर पंजिका से किया। लेखा परीक्षण के दौरान विधानसभा उप निर्वाचन में शेडो पंजिकाओं में भाजपा प्रत्याशी चंद्रा पंत का 18 लाख 27 हजार 667, कांग्रेस प्रत्याशी अंजू लुंठी का 13 लाख 75 हजार 385 रुपये व्यय करना पाया गया।
सपा प्रत्याशी मनोज कुमार भट्ट के व्यय लेखा में विभिन्न कमियां पाई गई, जिन्हें बुधवार सुबह तक सही व्यय लेखा प्रस्तुत करने के लिए रिटर्निंग अधिकारी/उप जिलाधिकारी तुसार सैनी की ओर से नोटिस भेजा गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, नोडल व्यय मुख्य कोषाधिकारी डॉ. पंकज कुमार शुक्ला, सहायक व्यय प्रेक्षक कोषाधिकारी जेएम सक्सेना सहित तीनों प्रत्याशियों के अभिकर्ता मौजूद रहे।