कनार गांव में आयोजित बैठक में उपस्थित ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
बंगापानी तहसील के नवयुवक मंगल दल कनार की बैठक में क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की गई। इस दौरान कनार के ग्रामीणों को सड़क और स्वास्थ्य की सुविधा नहीं मिलने पर आगामी लोकसभा चुनावों के बहिष्कार का एलान किया गया।
कनार के क्षेत्र पंचायत सदस्य तिला देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में नवयुवक मंगल दल की नई कार्यकारिणी गठित की गई। इसमें भरत सिंह को अध्यक्ष, सुंदर सिंह बोरा को उपाध्यक्ष, जगत सिंह को सचिव, केदार सिंह बिष्ट को उपसचिव, खुशाल सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया। कार्यकारिणी के गठन के बाद गांव की समस्याओं पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि आजादी के सात दशक बाद भी गांव में सड़क नहीं पहुंच पाई है। अस्पताल नहीं होने से मरीजों को डोली पर रखकर 20 किमी की दूरी नापनी पड़ रही है।
राजनीतिक दलों ने अब तक केवल गुमराह करने का काम किया है। इस उपेक्षा के खिलाफ पूरे क्षेत्र की जनता में रोष है। यदि सड़क और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर शासन-प्रशासन स्तर पर शीघ्र उचित पहल नहीं की गई तो गांव की जनता आगामी लोकसभा चुनावों का बहिष्कार करेगी। बैठक में युवा सामाजिक कार्यकर्ता जगत सिंह सहित सभी ग्रामीण मौजूद थे।