पिथौरागढ़ में पानी की समस्या के चलते स्टैंड पोस्ट में पानी भरने को मजबूर लोग।
- फोटो : अमर उजाला
सीएम के लोकार्पण के पांचवें दिन भी क्षेत्रवासियों को नवनिर्मित आंवलाघाट योजना से पानी नहीं मिल सका। पेयजल लाइनों के जंक आदि गंदगी के चलते नवनिर्मित योजना ठप पड़ी रही। पर्याप्त पानी होने के बावजूद आपूर्ति नहीं की जा सकी। इससे नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या बरकरार रही।
बुधवार को भी आंवलाघाट योजना ठप पड़ी रही। दिनभर लोगों को योजना से एक बूंद पानी तक नहीं मिल पाया। नई योजना बनने के बाद भी पानी न मिलने से नगर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल समस्या बरकरार रही। डिग्री कालेज, सरस्वती विहार, जीआईसी रोड, पांडेगांव, जगदंबा नगर, सिमलगैर, विण, दौला, खांकर आदि क्षेत्रों में घरों में पानी नहीं आया। क्षेत्रवासियों को नौलों, धारों और स्टैंड पोस्ट से पानी का बंदोबस्त करना पड़ा। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को टैंकरों से भी पानी ढोना पड़ा।
पानी के इंतजाम ने क्षेत्रवासियों की दिनचर्या प्रभावित हुई। बता दें कि नगर की रोजाना मांग 12 एमएलडी से अधिक है। लेकिन रई, घाट और ठुलीगाड़ योजना के जरिये बमुश्किल साढ़े छह एमएलडी पानी मिल पा रहा है। नई पेयजल योजना बनने से लोगों को समस्या से छुटकारा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन लोकार्पण के बाद भी आपूर्ति शुरू न होने से मायूसी हुई है। इधर, जल निगम पेयजल लाइनों की सफाई में जुटा रहा। पहले चरण में मोस्टामानू टैंक से लेकर नगर के लोनिवि तक लाइनों की सफाई की जा रही है। नई लाइनों के पानी में गंदलापन होने की वजह से आपूर्ति बंद है। निगम के एसई एमएल कनार्टक ने बताया कि इसके बाद नगर क्षेत्र की लाइनों की सफाई की जाएगी। लाइनों की सफाई के साथ ही आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
बजेटी, लोनिवि जोन में आज पानी की उम्मीद
जल निगम मोस्टामानू से लोनिवि तक लाइनों की सफाई कर रहा है। शाम तक लाइनों की सफाई पूरी हो जाएगी। इसके बाद बजेटी और लोनिवि में आपूर्ति शुरू हो जाएगी। जल संस्थान के ईई विशाल कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार से बजेटी और लोनिवि जोन को आंवलाघाट से पानी मिलना शुरू होगा। लाइनों की सफाई के साथ ही एक-एक कर सभी क्षेत्रों में आपूर्ति सुचारु हो जाएगी। पूरे नगर में नई योजना से सप्ताह भर के भीतर तक आपूर्ति सुचारु होने की संभावना जताई जा रही है।