पिथौरागढ़। सीमांत जिला आपदा से जूझ रहा है और जिस संचार के भरोसे सूचना मिलने से समय पर मदद पहुंचाने या आपदा न्यूनीकरण की बात कही जाती है जिले में वही बीएसएनएल की संचार सेवा पिछले दो दिनों से ठप पड़ी है। आपदा नियंत्रण कक्ष और पुलिस थानों से लेकर किसी भी विभाग के अधिकारियों से बातचीत नहीं हो पा रही है। आपदा की सूचना देने वाले लोगों को जिस नंबर पर आप काल कर रहे हैं वह अमान्य है, जांच लें की टोन सुनाई दे रही है।
पिथौरागढ़ जिले में बीएसएनएल की संचार सेवा आए दिन खराब होती रहती है। इसको देखते हुए कुछ दिन पूर्व हुई बैठक में जिलाधिकारी आनंद स्वरूप ने आपदा के समय बीएसएनएल सहित अन्य निजी कंपनियों से संचार नेटवर्क दुरुस्त रखने के निर्देश दिए थे। लेकिन पिथौरागढ़ में सार्वजनिक क्षेत्र की बीएसएनएल सेवा ठीक समय पर फिर खराब हो गई। शनिवार से लैंडलाइन से लेकर मोबाइल फोन तक शोपीस बने हुए हैं।
शनिवार को मार्ग बंद होने से फंसे कई लोग जब कंट्रोल रूम के नंबरों में फोन करने लगे तो आप जिस नंबर पर काल कर रहे हैं वह अस्थायी रूप से सेवा में नहीं है या फिर नंबर के आमन्य होने की टोन सुनाई दी। जबकि अधिकारियों के नंबरों पर फोन करने पर द नंबर यू आर कालिंग इज करेंटली स्विच्ड ऑफ आता रहा।
जिले में सभी सरकारी विभागों के पास बीएसएनएल के नंबर हैं। आपदा कंट्रोल और पुलिस थानों में भी बीएसएनएल के ही फोन हैं। बीएसएनएल यदि बंद हो जाय तो किसी भी तरह की सूचना नहीं पहुंच पाती है। ऐसे में लोगों को तमाम मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। जिले में पिछले दो दिनों से लोग इस समस्या से परेशान हैं। इतना ही नहीं अधिकांश ग्राहकों के पास बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवा है। संचार में आई खराबी के कारण इंटरनेट सेवा भी ठप पड़ी है।
एसपी बोले आपात स्थिति में उनके नंबर पर दें सूचना
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के पुलिस अधीक्षक सुखबीर सिंह ने कहा है कि आपदा कंट्रोल रूम या संबंधित थाने का फोन नहीं लगने पर आपात स्थिति में उनके फोन नंबर 9695733006 पर सूचना दी जा सकती है। आपदा काल में जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने के लिए पुलिस तत्परता से काम कर रही है।