डीडीहाट (पिथौरागढ़)। तहसील वार्ड के लोग पानी की समस्या से परेशान हैं। वार्ड के लोगों को सिर्फ 15 मिनट ही पानी मिल रहा है। इस कारण लोगों में जल संस्थान के खिलाफ आक्रोश है।
डीडीहाट में शीतकाल में भी पेयजल संकट है। हालात यह हैं कि तहसील वार्ड के लोगों को पिछले एक सप्ताह से सिर्फ 15 मिनट ही पानी मिल रहा है। लोग दो से तीन बाल्टी पानी से काम चलाने को मजबूर हैं। सामाजिक कार्यकर्ता गंभीर सिंह चौहान ने बताया कि जल संस्थान के कर्मियों की वजह से वार्ड के लोगों को पानी कम मिल रहा है। नलों से करीब एक घंटे तक सिर्फ हवा निकलने की आवाज आती है, जबकि जल स्रोत पानी से लबालब हैं। इसके बाद भी विभाग की उदासीनता के चलते वार्ड के लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। ठंड होने के कारण अन्य स्रोतों में पानी लेने नहीं जा सकते हैं। जल संस्थान के ईई अवधेश कुमार ने बताया कि विभाग के पास पर्याप्त मात्रा में पानी है। मामले की जांच की जाएगी। अगर किसी की गलती से पानी वार्ड के लोगों को नहीं मिल रहा है तो कार्रवाई की जाएगी।