दूसरे दिन हेलीकॉप्टर भी नहीं उतरा
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़ के नैनीसैनी हवाई पट्टी में बृहस्पतिवार को सुनसानी छाई रही। विमान सेवा में अड़ंगा पड़ने से दूसरे दिन हवाई पट्टी पर हेलीकॉप्टर भी नहीं उतरा।
राज्य सरकार ने 21 दिसंबर से देहरादून-पिथौरागढ़ विमान सेवा शुरू होने का प्रचार किया था। राज्य के नागरिक उड्डयन विभाग ने हवाई सेवा शुरू होने, टिकट बुकिंग के लिए बाकायदा विज्ञापन जारी किए। 20 दिसंबर को 9 सीटर विमान की ट्रायल लैंडिंग कराई थी। ट्रायल लैंडिंग सफल हो गई, लेकिन हवाई सेवा शुरू नहीं हो पाई। हवाई पट्टी पर काम पूरा न होने के कारण महानिदेशक नागरिक उड्डयन (भारत सरकार) ने हवाई सेवा की अनुमति नहीं दी।
प्रदेश की सरकारी मशीनरी ने इससे पहले हवाई पट्टी को 42 सीटर उड़ने लायक बताया था और हवाई पट्टी का काम पूरा होने का दावा किया था। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बुधवार को देहरादून में विमान सेवा के स्थान पर हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया था। बृहस्पतिवार को हेलीकॉप्टर सेवा भी नहीं चली।