तहसील कार्यालय की अव्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन करते थल के लोग
- फोटो : अमर उजाला
तहसील कार्यालय में नौ जनवरी से कोई प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे हैं। नौ जनवरी को आउटसोर्स से तैनात कर्मचारियों को हटा दिया गया था। तब से लोग प्रमाणपत्र के लिए दर-दर भटक रहे हैं। मंगलवार को इस अव्यवस्था से आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन किया और प्रमाणपत्र बनाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शीघ्र करने की मांग की।
तहसील कार्यालय में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, रजिस्ट्रार कानूनगो का पद रिक्त है। एक पटवारी के हवाले तहसील का सारा कामकाज सौंपा गया है। तहसील कार्यालय में सिर्फ एक क्लर्क तैनात है। अब तक आउटसोर्स से नियुक्त कर्मचारी ही प्रमाणपत्र बनाने का काम कर रहे थे, लेकिन नौ जनवरी से लोगों के आय, जाति प्रमाणपत्र, विधवा, दिव्यांग पेंशन के कागजात तैयार नहीं हो पा रहे हैं। जमीन संबंधी अभिलेख भी नहीं बन पा रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता दान सिंह बिष्ट के नेतृत्व में प्रदर्शन के लिए एकत्र लोगों ने कहा कि तहसील कार्यालय में जब कर्मचारी ही नहीं होंगे तो लोगों का काम कैसे होगा।
प्रदर्शन में बसंत लोहनी, आनंद राम, ललित राम, मोहित कुमार, विमला देवी, भागीरथी देवी, पानुली देवी, केशरी देवी आदि शामिल थे। वहीं, तहसील कार्यालय में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं था। जो लोगों की इस समस्या के समाधान की बात कर सके।