सीआरसी नायल का क्षतिग्रस्त भवन
- फोटो : अमर उजाला
संकुल संसाधन केंद्र (सीआरसी) नायल के भवन की दीवार अचानक गिर गई। इससे भवन के दरवाजे, खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। आसपास किसी के मौजूद न होने से बड़ा हादसा होने से बच गया।
सीआरसी समन्वयक हरीश कोठारी ने जिला शिक्षाधिकारी बेसिक शौकत अली को भेजे पत्र में भवन के आगे की दीवार ढहने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर की दोपहर करीब एक बजे भवन की दीवार अचानक ढह गई। समन्वयक ने कहा कि वर्ष 2002 में बनाए इस भवन की खराब हालत के बारे में काफी पहले विभाग को बता दिया था, लेकिन भवन की मरम्मत नहीं कराई गई। कहा कि भवन की अन्य दीवारें, दरवाजे, खिड़कियां गिरने की कगार पर हैं।
प्राथमिक पाठशाला नायल का भवन भी क्षतिग्रस्त है। कभी भी भवन ध्वस्त हो सकता है। इस भवन के संबंध में पिछले साल सूचना दे दी गई थी। समन्वयक ने कहा कि सीआरसी भवन क्षतिग्रस्त होने से कार्यालय संचालन की दिक्कत खड़ी हो गई है। समन्वयक ने सीआरसी भवन और स्कूल भवन का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।