सेल गांव में अस्पताल का उद्घाटन करते विधायक मयूख महर
- फोटो : अमर उजाला
नेपाल सीमा से सटे सेल गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुल गया है। विधायक मयूख महर ने सेल गांव जाकर अस्पताल एवं हाल ही में उच्चीकृत हुए राजकीय इंटर कॉलेज सेल का उद्घाटन किया। वहीं, अस्पताल खुलने से क्षेत्र के सेल, सल्ला, तड़ेमिया, रौतगाड़ा, पंचेश्वर समेत नेपाल के सीमावर्ती गांव के लोगों को चिकित्सा सुविधा मिलने लगेगी। अब तक यहां के लोग इलाज के लिए 40 किमी दूर लोहाघाट जाते थे।
विधायक ने कहा कि सेल में अब तक सिर्फ हाईस्कूल था। दस पास करने के बाद यहां के बच्चों खासकर बालिकाओं को पढ़ाई में दिक्कत आ रही थी। सरकार ने हाईस्कूल का उच्चीकरण कर इंटर का दर्जा पिछले साल ही दे दिया था। विद्यालय में इंटर की कक्षाएं संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थानों का सही ढंग से संचालन हो, इसके लिए स्टाफ की पूरी व्यवस्था की गई है।
प्रधान वजीर सिंह सौन ने विधायक और मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, तिलक जोशी, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर, डिप्टी सीएमओ डॉ. उषा गुंज्याल, खंड शिक्षा अधिकारी जीपी कोहली, प्रधानाचार्य चंद्रप्रकाश जोशी, उपप्रधान मोहन सिंह आदि थे।