फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: आज खुलेंगी सीमाएं... भारत-नेपाल के बीच थमे कारोबार को मिलेगी रफ्तार

Thu, 05 Mar 2026 10:40 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
पीटीएच 08 पी-झूलाघाट बाजार में अंतरराष्ट्रीय झूला पुल बंद होने के बाद दुकानों में लटके ताले। सं
विज्ञापन
झूलाघाट/टनकपुर/बनबसा। नेपाल में आम चुनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय सीमा सील होने का असर भारतीय बाजारों पर पड़ा है। दोनों देशों के बीच आवाजाही ठप होने से नेपाल सीमा पर भारतीय बाजारों में सन्नाटा पसरा है। झूलाघाट, धारचूला, टनकपुर, बनबसा सहित सीमा क्षेत्र के अन्य बाजारों में होली पर्व के दिन भी दुकानों पर ताले लटके रहे। बृहस्पतिवार की शाम चुनाव संपन्न होने के बाद शुक्रवार की मध्यरात्रि 12 बजे के बाद विधिवत सीमा खोल दी जाएगी। इससे इन बाजारों में फिर से रौनक लौटने की उम्मीद है।
विज्ञापन

पड़ोसी देश नेपाल में बृहस्पतिवार के दिन आम चुनाव के चलते पिछले दो मार्च से अंतरराष्ट्रीय सीमा सील थी। झूलाघाट, जौलजीबी, बलुवाकोट, धारचूला बाजार नेपाल के लोगों की आवाजाही पर निर्भर रहते हैं। सीमा सील होने से नेपाल के नागरिक भारतीय बाजारों में नहीं पहुंच पाए जिसका सीधा असर कारोबार पर पड़ा है।
झूलाघाट के कारोबारियों ने बताया कि नेपाली नागरिकों की आवाजाही से ही यह बाजार चलता है। हर दिन कस्बे में 80 लाख से एक करोड़ तक का कारोबार होता है। दोनों देशों की सीमा सील होने से कारोबार पूरी तरह ठप है। ऐसे में प्रतिष्ठानों में ताले लगाने पड़े हैं। आम चुनाव संपन्न होने के बाद शुक्रवार के दिन अंतरराष्ट्रीय पुलों के ताले खुलेंगे। व्यापारियों को उम्मीद है कि नेपाली नागरिकों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही कारोबार भी पटरी पर आएगा।
विज्ञापन

टनकपुर से लगी नेपाल सीमा पर कड़ी चौकसी रही। तीसरे दिन भी सीमा सील होने से बैराज मार्ग पर सन्नाटा पसरा रहा। मां पूर्णागिरि के दर्शन करने के बाद सिद्धबाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालु बह्मदेव मंडी नहीं जा पाए। दूर से ही नदी के भारतीय छोर से मंदिर की ओर पूजा कर दिन भर लौटते रहे।
बैराज मार्ग पर सीआइएसएफ के बैरियर से ही आगे लोगों को नहीं जाने दिया गया। कोतवाल चेतन रावत दिन भर टीम के साथ सीमा क्षेत्र में सुरक्षा का जायजा लेते रहे। कोतवाल ने बताया कि पांच मार्च रात 12 बजे के बाद सीमा खोली जाएगी।



आज से शुरू होगा भारत-नेपाल के बीच आवागमन
बनबसा (चंपावत)। शुक्रवार से पूर्व की भांति भारत नेपाल के बीच आवागमन सुचारु हो जाएगा। बृहस्पतिवार को नेपाल में प्रतिनिधि सभा के चुनाव संपन्न हुए। चुनाव के कारण सुरक्षा के तहत भारत नेपाल सीमा 72 घंटों के लिए सील की गई थी। बृहस्पतिवार को तीसरे देश के पर्यटक भी इस सीमा पर आवागमन के लिए नहीं पहुंचे।
बनबसा थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा और पारगमन अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि शुक्रवार की मध्यरात्रि 12 बजे बाद विधिवत सीमा खोली जाएगी। शुक्रवार की सुबह छह बजे बाद ही दोनों देशों के बीच पूर्व की तरह सामान्य आवागमन सुचारु होगा। बनबसा के कारोबारियों को भी सीमा खुलने का इंतजार है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें