पिथौरागढ़। थल-पांखू सड़क पर गड्ढे भरने के नाम पर खानापूरी करना लोनिवि के जेई और एई को महंगा पड़ गया है। मामला सामने आते ही डीएम ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
दरअसल, शासन से मिले निर्देश पर जिले की प्रमुख सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए पैच वर्क किया जा रहा है। थल-पांखू सड़क पर भी बीते शनिवार को गड्ढे भरने के लिए डामर किया गया। एक दिन बाद ही गड्ढों से डामर उखड़ गया। अमर उजाला ने इस मामले को 27 अक्तूबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेकर डीएम आशीष भटगाईं ने बेड़ीनाग के एसडीएम को निरीक्षण के लिए भेजा।
जांच में अमर उजाला की खबर सच साबित हुई। गड्ढों से डामर उखड़ा मिला। ऐसे में डीएम ने लोनिवि के जेई और एई के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं। डीएम ने माना है कि यह गंभीर लापरवाही है। उन्होंने एसई को दोनों जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। डीएम ने कहा कि पैच वर्क में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। भविष्य में इस तरह के मामले सामने आए तो सख्त कदम उठाए जाएंगे। संवाद