पिथौरागढ़ कांग्रेस के युवा नेता एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव एवं जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता दीपक तिवारी दीनू ने एनएसयूआई और कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। तिवारी ने निकाय चुनाव में हार को गुटबाजी और मनमानी का परिणाम बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया की है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी को भेजे त्यागपत्र में दीनू ने कांग्रेस में बढ़ती गुटबाजी, किसी भी नेता को कुछ भी करने की छूट देने को अनुशासनहीनता बताया है। कहा कि संगठन में व्यक्तिगत राजनीति हावी हो रही है, जो भविष्य के लिए बेहद घातक है। उन्होंने गुटबाजी, मनमर्जी को पिथौरागढ़ में निकाय चुनाव की हार के लिए जिम्मेदार ठहराया।
बता दें कि तिवारी छात्र राजनीति से ही कांग्रेस से जुड़े थे। वह कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के जिला महासचिव एवं दो बार प्रदेश सचिव रह चुके हैं और वर्तमान में प्रदेश महासचिव पद पर थे। 25 जनवरी 2018 को हुए एनएसयूआई के चुनाव में वह भारी मतों से प्रदेश महासचिव चुने गए थे।