पिथौरागढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय मरसोली भाट में 80वीं उत्तराखंड वाहिनी पिथौरागढ़ का 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है। शिविर का शुभारंभ करते हुए कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल बीएस तड़ागी ने कहा कि एनसीसी अनुशासित जीवन जीने का मंच है जहां कैडेट्स अपनी प्रतिभा का भरपूर उपयोग कर सकते हैं। इस प्रतिभा को वे स्थानीय स्तर से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि एनसीसी ऐसा त्रिस्तरीय संगठन है जहां बालकों के समान ही बालिकाओं के लिए भी पर्याप्त अवसर उपलब्ध हैं। बटालियन के एनसीसी अधिकारी और कैंप एडजुटेंट बीआर कोहली ने बताया कि 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को पीटी परेड, योग, ड्रील, मानचित्र अध्ययन, हथियार संचालन, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, स्वास्थ्य और सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा, आपदा प्रबंधन सहित फायरिंग का सैद्धांतिक और व्यावहारिक गहन प्रशिक्षण देने के साथ ही ड्राइंग, निबंध, भाषण, खेल, वाद विवाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।
शिविर के सफल संचालन के लिए कैडेट्स को चार कंपनियों अल्फा, ब्रावो, चार्ली और डेल्टा में बांट दिया गया है, जिनके अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं। शिविर में पिथौरागढ़ और चंपावत के 500 कैडेट्स भाग ले रहे हैं। इस दौरान एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल देवेश ऐरी, सूबेदार मेजर गंगा सिंह, एनसीसी अधिकारी राजीव कश्यप, शिब्बू कुमार, रेखा चौहान, सूबेदार विक्रम सिंह, बलवीर सिंह, प्रशिक्षण अधिकारी नायब सूबेदार विकास गुरुंग, एडम जेसीओ हरेंद्र सिंह, नायब सूबेदार दर्शन सिंह, बीएचएम विक्रम सिंह, ड्रिल इंसट्रक्टर जितेंद्र शाही आदि शामिल रहे।