फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुनस्यारी सड़क 30 मीटर हिस्से में गायब

Sat, 25 Jun 2016 10:24 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मुनस्यारी/नाचनी/धारचूला
विज्ञापन
बेटुलीधार के पास गायब सड़क - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
भीषण बारिश ने सड़कों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। बारिश के दौरान शनिवार सुबह थल-मुनस्यारी मार्ग पर बेटुलीधार के पास 30 मीटर सड़क बह गई है। सड़क बंद होने से 100 पर्यटक सड़क पर फंसे रहे। सड़क के जल्द खुलने के आसार नहीं हैं।
विज्ञापन


बेटुलीधार में सड़क इस कदर दरकी है कि पैदल जाने के लिए भी रास्ता नहीं बचा है। वाहनों को मदकोट-जौलजीबी होते हुए जाना पड़ रहा है। सड़क बनने में कम से कम 15 दिन का समय लगेगा। मुनस्यारी-मदकोट-जौलजीबी सड़क मलबा आने से घिंघरानी के पास चार घंटे तक बंद रही। बारिश से बोना, गोल्फा जाने वाला पैदल मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है। पिथौरागढ़-तवाघाट एनएच फुलतड़ी के पास दो घंटे तक बंद रहा। थल-मुनस्यारी सड़क नाचनी के पास दो घंटे तक बंद रही। नाचनी के टिम्टिया से बोरागांव के लिए ‘मेरा गांव मेरी सड़क’ योजना के तहत बनी सड़क में कई जगह दीवारें ढह गई हैं।

सड़क पर जगह-जगह मलबा पट गया है। भैंसखाल में ‘मेरा गांव मेरी सड़क’ योजना से बने मार्ग पर खबरिया नाले के तेज प्रवाह से कई दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। भैंसकोट, बांसबगड़, गूटी, कोटापंद्रहपाला, धामीगांव, रांयाबजेता, समकोट, होकरा, रांथी, नापड़ सड़कें मलबा पटने से बंद हो गई हैं।
विज्ञापन


झील का दायरा बढ़ा, खेत मलबे से पटे
नाचनी। भारी बारिश से हरड़िया के पास रामगंगा में बनी अस्थायी झील का दायरा बढ़ गया है। झील आधा किमी लंबी हो गई है। हरड़िया नाले का मलबा पटने से भैंसखाल ग्राम पंचायत के सीमार तोक की 20 नाली जमीन दलदल में तब्दील हो गई है। बांसगून वार्ड में हरड़िया नाले से लगी एक हेक्टेयर भूमि मलबे से पटी है। यह जमीन खेती लायक नहीं रह गई है। इस स्थान पर खेतों में मलबा पटने का सिलसिला वर्ष 2013 से चल रहा है। ग्राम प्रधान चंद्रकला दानू ने राजस्व विभाग को मलबे से खेतों को पहुंच रहे नुकसान की जानकारी दी। राजस्व उप निरीक्षक मनोज कुमार ने मौके का जायजा लिया। मुआवजे के लिए रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जा रही है।

बिजली का पोल गिरा, मुनस्यारी की बिजली गुल
नाचनी। हरड़िया नाले से गिर रहे मलबे के कारण नदी का रुख पलटने से बागेश्वर जिले के कैंचुवा क्षेत्र में भूकटाव हो रहा है। भूकटाव की जद में आने से मुनस्यारी को जा रही 33 केवी की बिजली की लाइन का एक पोल गिर गया, जिससे मुनस्यारी में शुक्रवार रात एक बजे से बिजली नहीं है। बिजली विभाग ने पोल की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।

डीएम ने लिया आपदा का जायजा
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने आपदा प्रभावित टिम्टिया का दौरा किया। राजस्व उप निरीक्षक मनोज कुमार ने प्रभावित गोकर्ण राम के परिवार को शिफ्ट करने के आदेश दिए। आकस्मिक सहायता के तौर पर राशन और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बोरागांव सड़क, हरड़िया झील और वैलीब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने वैलीब्रिज की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। सभी विभागों को बरसात में सतर्क रहने को कहा। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें