पिथौरागढ़। मुनस्यारी का प्रसिद्ध आलू बाजार में घरों में अपना स्वाद बिखेर रहा है। मांग अधिक होने से उसे उचित बाजार भी मिल रहा है इससे किसानों में खुशी है।
मुनस्यारी में डोलमा, गांधीनगर, वल्थी, जोशा, मालूपाती, हरकोट सहित आसपास के क्षेत्रों में डेढ़ हजार से अधिक किसान आलू का उत्पादन करते हैं। हर साल इन गांवों में डेढ़ हजार क्विंटल से अधिक आलू का उत्पादन होता है। मुनस्यारी क्षेत्र के इस आलू की बाजार में खासी मांग है। इन दिनों किसान आलू की खोदाई कर रहे हैं जो घरों में अपना स्वाद बिखेर रहा है। बाजार में मुनस्यारी का आलू 35 से 40 रुपये किलो बिक रहा है। किसानों में भी इसकी उचित कीमत मिलने से खुशी है। क्वीरीजिमिया के किसान देवेंद्र सिंह, डोलमा के हरीश ने कहा कि उचित कीमत और बाजार मिलने से समय से पहले ही आलू की खोदाई कर रहे हैं। मुख्य उद्यान अधिकारी अभिनव कुमार ने कहा कि मुनस्यारी के आलू की हमेशा मांग अधिक रहती है। आलू की फसल को रोगों से सुरक्षित बचाने के लिए किसानों का हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
-
बारिश में आलू की फसल खराब होने का खतरा
पिथौरागढ़। मुनस्यारी के किसानों ने कहा कि अधिक बारिश होने से आलू की फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। जमीन के भीतर आलू में रोग भी लगने लगा है। समय से पहले खोदाई करने का यह भी कारण है ताकि नुकसान से बचा जा सके।