मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। जिला मुख्यालय से पर्यटन नगरी मुनस्यारी के बीच बुधवार से हेलिकॉप्टर सेवा शुरू हो गई है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअली इस सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अब मुनस्यारी और पिथौरागढ़ के बीच छह घंटे का थकावट भरा सफर सिर्फ 15 मिनट में तय हो जाएगा। इस सेवा का स्थानीय लोगों, मरीजों के साथ ही पर्यटकों को लाभ मिलेगा। हेलिकॉप्टर सेवा शुरू होने से मुनस्यारी के साथ ही जिले के पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी।
नैनीसैनी एयरपोर्ट पर डीएम विनोद गोस्वामी, एसपी रेखा यादव, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विरेंद्र वल्दिया, एसडीएम सदर मनजीत सिंह की मौजूदगी में पिथौरागढ़-मुनस्यारी रूट पर संचालित हेलिकॉप्टर सेवा का वर्चुअली शुभारंभ किया गया। सीएम ने कहा कि दुर्गम क्षेत्र के लोगों के साथ ही पर्यटकों को इस सेवा का लाभ मिलेगा। यह सेवा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के साथ ही सीमांत क्षेत्र के लिए हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी।
सीएम ने कहा कि आपदा और आपात स्थिति में यह सेवा लाइफलाइन का काम भी करेगी। इसके बाद हेलिकॉप्टर ने मुनस्यारी के लिए उड़ान भरी। पहली उड़ान में छह यात्री मुनस्यारी पहुंचे और यहां से हेलीकॉप्टर सात यात्रियों को लेकर लौटा। पहली बार जिला मुख्यालय से हेलिकॉप्टर के जरिये मुनस्यारी पहुंचे यात्रियों का भाजपा नेता प्रदीप रावत के नेतृत्व में लोगों ने स्वागत किया। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने पर सरकार का आभार जताया। वहां तहसीलदार वतन गुप्ता, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष पूरन पांडे, देवेंद्र सिंह देवा, बबलू लोहनी, मनोहर दरियाल, दीवान ज्येष्ठा, पुष्कर मेहरा आदि शामिल रहे।
नैनीसैनी से 10:30 बजे उड़ेगा हेलिकॉप्टर, किराया होगा 2500
हेरिटेज एविएशन के सीईओ रोहित माथुर ने बताया कि हेलिकॉप्टर सेवा का एकतरफा किराया 2500 रुपये होगा। नैनीसैनी एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर सुबह 10:30 बजे मुनस्यारी के लिए पहली उड़ान भरेगा। 10:50 बजे इसकी वापसी होगी। दोपहर 1:50 बजे दूसरे फेरे के लिए मुनस्यारी रवाना होगा और दोपहर 2:10 बजे नैनीसैनी के लिए लौटेगा।
बीमार और घायल 15 मिनट में पहुंच जाएंगे जिला मुख्यालय
मुनस्यारी ब्लॉक आपदा और दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवदेनशील है। यहां से गंभीर रूप से बीमार और दुर्घटनाओं के घायलों को आए दिन जिला मुख्यालय के अस्पतालों में पहुंचाने की जरूरत पड़ती है। इसके लिए इन्हें पांच से छह घंटे का सफर तय करना पड़ता है। अब बीमारों और घायलों को हेलिकॉप्टर सेवा के जरिये सिर्फ 15 मिनट में जिला मुख्यालय पहुंचाया जा सकेगा। समय से इलाज उपलब्ध कराकर इनकी जान बचाई जा सकेगी। वहीं, मुनस्यारी तक एयर कनेक्टिविटी होने से पर्यटकों की आवाजाही सुगम होगी। इससे यहां के पर्यटन को रफ्तार मिलेगी।