पिथौरागढ़। जिला पंचायत ने गांवों से निकलने वाले कूड़े को पालिका के ट्रंचिंग ग्राउंड में डंप तो किया है लेकिन इसके एवज में 11 लाख रुपये देने से हाथ पीछे खींचे हैं। ऐसे में पालिका कूड़े को अपने ट्रंचिंग ग्राउंड में डंप करने पर रोक लगा सकती है।
सीमांत जिले में नगर क्षेत्रों से निकलने वाले कूड़े का निस्तारण करना पहले ही निकायों के लिए चुनौती बना है। ऐसे में अब गांवों से निकलने वाले कूड़ा सिस्टम की दिक्कत बढ़ा रहा है। दोनों संस्थानों के बीच हुए करार के मुताबिक सितंबर 2023 से जुलाई 2024 तक डंप किए गए कूड़े के जिला पंचायत ने नगर पालिका पिथौरागढ़ को 11 लाख रुपये देने थे।
पालिका को हर महीने एक लाख रुपये का भुगतान होना था। एक साल होने को है, लेकिन अब तक पालिका को कोई भुगतान नहीं हुआ है। ऐसे में पालिका गांवों के कूड़े को अपने ट्रंचिंग ग्राउंड में डंप करने पर रोक लगाने की तैयारी कर रही है। यदि ऐसा हुआ तो हर रोज गांवों से निकलने वाला 30 टन से अधिक कूड़ा गांवों में ही डंप हो जाएगा। इससे ग्रामीणों के साथ ही जिला पंचायत की दिक्कत बढ़ेगी। संवाद
निकायों के लिए भी कूड़ा निस्तारण करना बना है चुनौती
पिथौरागढ़। जिला पंचायत के साथ हुए करार के मुताबिक बेरीनाग, धारचूला, डीडीहाट और नैनीपातल में बने ट्रंचिंग ग्राउंड में गांवों का कूड़ा डंप किया जा रहा है। किसी भी ट्रंचिंग ग्राउंड में अब तक रिसाइकिल प्लांट स्थापित न होने से निकायों के लिए पहले की कूड़ा निस्तारण करना चुनौती बना है। अब गांवों का कूड़ा ट्रंचिंग ग्राउंड पहुंचने से इसका ढेर हर दिन बढ़ रहा है।
थाने पहुंचा गांवों का कूड़ा ट्रंचिंग ग्राउंड में डंप करने का मामला
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़-धारचूला हाईवे पर बने पालिका के ट्रंचिंग ग्राउंड में गांवों का कूड़ा डंप करने का मामला थाने तक भी पहुंचा है। बीते दिनों नैनीपातल क्षेत्र के लोगों ने गांवों के कूड़े को स्थानीय स्तर पर डंप करने का विरोध किया था। उनका कहना था कि पहले से ही यहां सालों से हजारों टन कूड़ा डंप है, इससे आसपास के जल स्रोत दूषित हो गए हैं।
कोट
निकायों के ट्रंचिंग ग्राउंड में गांवों का कूड़ा डंप करने के एवज में जिला पंचायत को 11 लाख रुपये देने हैं जो अब तक नहीं मिले हैं। यदि भुगतान नहीं हुआ तो कूड़ा डालने पर रोक लगाई जा सकती है। - राजदेव जायसी, ईओ, नगर पालिका, पिथौरागढ़।
कोट
जिला पंचायत की तरफ से नैनीपातल ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़ा डालने पर व्यवधान पैदा करने की सूचना मिली है। दस्तावेजों के अनुसार यहां कूड़ा डालने की जिला पंचायत को अनुमति मिली है। यदि इसका विरोध किया तो आवश्यक कार्रवाई होगी। - प्रकाश चंद्र पांडे, थानाध्यक्ष, जाजरदेवल।