मां श्री पूर्णागिरि धाम में नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। टनकपुर से लेकर धाम तक ‘जय माता दी’ के उद्घोष गूंजते रहे। करीब पौने दो लाख भक्ताें ने देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। काली मंदिर से ऊपर पुलिस को जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर भीड़ नियंत्रित करनी पड़ी। मेला मजिस्ट्रेट जेएस राठौर और सीओ पीएस पांगती भी मेला क्षेत्र में डेरा जमाए रहे।
शुक्रवार शाम से ही श्रद्धालुओं पूर्णागिरि धाम पहुंचने लगे, शनिवार तड़के भक्त ज्यादा पहुंचने से पुलिस को यातायात व्यवस्था बनाए रखने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। मार्ग में जगह-जगह वाहन खड़े करने की व्यवस्था से बसों से आए यात्रियों को बूम से मुख्य मंदिर तक पैदल यात्रा करनी पड़ी। भीड़ का आलम यह था कि पुलिस को सिद्धमोड़ से आगे कई स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर यात्रियों को रोकना पड़ा। ठुलीगाड़ थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खड़ायत के मुताबिक 24 घंटे में करीब पौने दो लाख श्रद्धालुओं ने देवी के दर्शन किए।