कनालीछीना में बंदरों के आतंक से परेशान होकर प्रदर्शन करते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
मैदानी इलाकों से बंदर पकड़कर कनालीछीना क्षेत्र में छोड़े जा रहे हैं, इसके विरोध में लोगों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
बुधवार को सड़क पर उतरे लोगों ने कहा कि मैदानी क्षेत्र से वाहनों में भरकर बंदरों को इलाके में छोड़ा जा रहा है। बंदरों ने लोगों की खेती उजाड़ दी है। कटखने बंद लोगों को काटने दौड़ रहे हैं। आरोप लगाया कि वन विभाग बंदरों के आतंक से मुक्ति दिलाने के लिए कोई भी कदम नहीं उठा रहा है।
चेतावनी दी कि यदि बंदरों के आतंक पर रोक और मैदानी क्षेत्र से बंदरों को पहाड़ी इलाके में छोड़ने पर अंकुश नहीं लगाया तो वन विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता दीपक भंडारी, रमेश पांडे, केदार सिंह, राजेंद्र दिगारी, संजय दिगारी, सन्नी बिष्ट, लल्लूृ पांडे, दीवानी राम आदि शामिल थे।
महकमे के अधिकारी, कर्मचारियों को बाहर से बंदर छोड़ने वालों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को भी इस संबंध में लिखा गया है। निगरानी तेज की जाएगी।
-विनय भार्गव, प्रभागीय वनाधिकारी पिथौरागढ़।