धारचूला खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में तालाबंदी करते अभिभावक
- फोटो : अमर उजाला
सांसद आदर्श गांव जुम्मा के इंटर कॉलेज में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर चल रहा क्रमिक अनशन चौथे दिन भी जारी रहा। बुधवार को अभिभावकों ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में ताले जड़ दिए। नाराज अभिभावकों ने शिक्षकों की तैनाती शीघ्र नहीं होने पर ऐलागाड़ में जाम लगाने की चेतावनी दी है।
क्रमिक अनशन को तीन दिन बीतने के बावजूद कोई सुध नहीं लेने से नाराज अभिभावकों ने बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर तालाबंदी कर दी। इस दौरान जोरदार नारेबाजी की गई। ग्राम प्रधान राजेंद्री देवी ने कहा कि यदि 30 सितंबर तक शिक्षक तैनात नहीं किए जाते हैं तो चक्काजाम किया जाएगा।
इस दौरान उदय सिंह, रूप सिंह, बिशन सिंह, मदन राम, मान सिंह आदि थे। इधर, बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष धन सिंह धामी ने बताया कि विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती के प्रयास हो रहे हैं। भौतिक विज्ञान के शिक्षक की तैनाती कर दी है। शिक्षामंत्री ने महत्वपूर्ण विषयों में शीघ्र शिक्षक तैनात करने और स्मार्ट क्लास चलाने की बात कही है।
बजानी के अभिभावकों की भूख हड़ताल जारी
धारचूला। प्राथमिक और हाईस्कूल के भवनों का सुधार करने की मांग को लेकर बजानी के अभिभावकों की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। अभिभावक संघ के सदस्य कृष्ण सिंह कुंवर ने नेतृत्व में दीपा बोरा, मधु फिरमाल, प्रकाश जोशी, सतीश चंद और पंकज बोरा भूख हड़ताल पर बैठे। एसडीएम राजकुमार पांडेय के निर्देश पर तहसीलदार एमडी अवस्थी, डॉ.मो. फुरकान और पटवारी हुकुम सिंह धामी की टीम ने विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान डॉ. फुरकान ने सभी भूख हड़ताल में बैठे लोगों के स्वास्थ्य की जांच की।