राजकीय हाईस्कूल बड़ालू का उद्घाटन करने पहुंचे डीडीहाट के विधायक विशन सिंह चुफाल को आज ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीण जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम का बहिष्कार किया और विधायक को काले झंडे दिखाए। लोगों का कहना है कि विद्यालय का उच्चीकरण तो पिथौरागढ़ के विधायक मयूख महर ने किया था लेकिन श्रेय लेने के लिए चुफाल पहुंच गए। गांव के लोगों का आरोप है कि उद्घाटन कार्यक्रम की जानकारी प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य को भी नहीं दी गई।
गांव के लोगों का कहना है कि बड़ालू में हाईस्कूल की स्थापना की मांग लंबे समय से की जा रही थी। विधायक चुफाल खुद इस हाईस्कूल को नहीं खोल पाए। दो अक्तूबर को जब विधायक मयूख महर ने गांधी चौक में धरना दिया था उसके बाद ही प्रदेश सरकार ने बड़ालू में हाईस्कूल की मंजूरी दी थी। गांव के लोगों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को झूठा श्रेय लेने की परंपरा बंद करनी चाहिए। लोग उद्घाटन समारोह स्थल के बाहर काले झंडे लेकर नारेबाजी करने लगे। विरोध प्रदर्शन में ग्राम प्रधान शांति देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य हेमा देवी, युवक मंगल दल अध्यक्ष संजय चंद, सरपंच गोविंद बल्लभ, व्यापार मंडल अध्यक्ष नवीन जोशी, उपप्रधान गणेश प्रसाद, अनिल चंद, सुनील साह, संजय, दीपक कुमार आदि थे।