डीडीहाट/मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने डीडीहाट नगर में मांस की दुकानों को चार दिन के लिए बंद करा दिया है। इस दौरान मांस की दुकानें खुली मिलने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर मुनस्यारी में पांच कौवे और कुछ मुर्गियां मरी मिलीं। पशुपालन विभाग ने एहतियात के तौर पर एक पोल्ट्री फार्म से मुर्गियों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।
लगातार बढ़ रहे बर्ड फ्लू के मामलों को देखते हुए बृहस्पतिवार को एसडीएम केएन गोस्वामी के नेतृत्व में थानाध्यक्ष अशोक धनकड़ और पशु अस्पताल की टीम ने बाजार क्षेत्र में मांस की दुकानों का निरीक्षण किया। इसके बाद सभी मांस की दुकानों को अगले चार दिनों के लिए बंद रखने के निर्देश दिए। एसडीएम गोस्वामी ने दुकान खोलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि यदि बर्ड फ्लू के मामले बढ़े तो दुकानें बंद करने की अवधि भी बढ़ाई जाएगी। उधर मुनस्यारी के मदकोट कस्बे में पांच कौए और मुर्गियां मरी मिलीं। ग्रामीणों की सूचना पर पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान मरे पक्षियों को जानवरों ने खा लिया था, इसके चलते मौके पर केवल अवशेष मिले। मदकोट पशु अस्पताल के डॉॅ. दीपक कुमार ने बताया कि टीम ने क्षेत्र के दो मुर्गी फार्मों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर लोगों को जागरूक किया और इस तरह के मामले आने पर सूचित करने को कहा।