पिथौरागढ़ में नामांकन पत्र दाखिल करते मयूख महर
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार को पिथौरागढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस पार्टी की ओर से मयूख महर समेत दो नामांकन हुए हैं। डीडीहाट सीट से उत्तराखंड क्रांति दल के काशी सिंह ऐरी ने नामांकन किया। गंगोलीहाट और धारचूला सीट में कोई नामांकन नहीं हुआ। अब तक जिले में तीन ही नामांकन हुए हैं।
पिथौरागढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस से नाम फाइनल होने की प्रतीक्षा किए बगैर कांग्रेस के मयूख महर ने नामांकन कर दिया है। महर ने अपने समर्थकों के साथ निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार पांडे के कक्ष में पहुंच कर नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद महर ने कहा कि उन्होंने जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम किए हैं। पेयजल संकटग्रस्त पिथौरागढ़ के लिए आंवलाघाट से पानी की योजना बनना बड़ी उपलब्धि है। पिथौरागढ़ सीट से निर्दलीय कृष्णानंद कापड़ी ने अपने समर्थकों के साथ निर्वाचन अधिकारी कार्यालय पहुंचकर नामांकन किया। उनके साथ गोविंद सिंह बिष्ट, हरीश चंद्र पंत, पूरन सिंह, दुर्गा सिंह, उमेश उप्रेती आदि शामिल थे।
कापड़ी ने कहा कि उनको जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है। डीडीहाट विधानसभा सीट से उक्रांद प्रत्याशी काशी सिंह ऐरी ने डीडीहाट में निर्वाचन अधिकारी मनुज गोयल को नामांकन पत्र सौंपा। उक्रांद के केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चंद्रशेखर कापड़ी, जिलाध्यक्ष जोध सिंह बोरा, केंद्रीय उपाध्यक्ष पुष्कर सिंह धामी, सलीम अहमद, एडवोकेट निर्मल चौधरी मौजूद थे। ऐरी ने कहा कि जनता की ताकत के बल पर वह डीडीहाट सीट को फतह करेंगे।