फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: पिथौरागढ़ में मैक्स खाई में गिरी, दो सगी बहनों समेत आठ की मौत, छह घायल

विज्ञापन
मुवानी में हादसे के बाद घटनास्थल पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन। शव और घायलों को बाहर निकालते लोग। संवा
विज्ञापन
मुवानी/पिथौरागढ़। पिथौरागढ़-थल मोटर मार्ग पर मुवानी के पास मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया। सवारियों से भठी मैक्स अनियंत्रित होकर 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी और बरसाती नाले में समा गई। इस भीषण दुर्घटना में आठ यात्रियों की मौत हो गई जबकि छह गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में दो सगी बहनों समेत तीन छात्राएं भी हैं। सभी मृतक और घायल बोकटा गांव के हैं। हादसे से पूरे गांव में कोहराम मचा है।
विज्ञापन



मुवानी कस्बे से यात्रियों को लेकर मैक्स मंगलवार शाम लगभग पांच बजे बोकटा गांव की ओर निकली। भंडारीगांव पुल के पास लगभग एक किलोमीटर आगे अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 150 फुट नीचे गिर गई। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में वाहन के परखचे उड़ गए और शव बाहर छिटक गए।

पास से गुजरते लोगों के जरिसे बोकटा के ग्रामीणों को जानकारी मिली तो वे दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने खाई में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया। पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। आठ घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। सभी को मुवानी अस्पताल ले जाया गया लेकिन आठ वर्षीय सिमरन और 40 वर्षीय चालक नरेंद्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद सभी छह घायलों को गंभीर हालत में एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे में मृत दीक्षा पत्नी पंकज बोरा पिथौरागढ़ के चंडाक की रहने वाली थीं। वह हरेला पर्व पर मायके गई थीं। अन्य सभी मृतक बोकटा गांव के हैं।
विज्ञापन




हादसे की सूचना के बाद जिला मुख्यालय से एडीएम डॉ.योगेंद्र सिंह ने मुवानी पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। थल के तहसीलदार राम प्रसाद और थल थानाध्यक्ष शंकर रावत भी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। डीएम ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और स्वास्थ्य कर्मियों को उपचार के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. एसएस नबियाल ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों के लिए की जा रही उपचार की व्यवस्थाओं को देखा।

विधायक चुफाल ने मौके पर पहुंचकर दी सांत्वना

मुवानी। वाहन दुर्घटना की सूचना मिलने पर डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल ने मुवानी पहुंचकर जानकारी ली। उन्होंने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों का हाल जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। संवाद

मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

प्राथमिक तौर पर हादसे का कारण स्टेयरिंग लॉक होना बताया जा रहा है। डीएम ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने आपातकालीन कोर कमेटी की बैठक बुलाई। उन्होंने पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन और अन्य संबंधित अधिकारियों को भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।

हादसे के मृतक



सिमरन (8) पुत्री कुंदन सिंह, तनुजा (14) पुत्री चंद्र सिंह, विनीता (15) पुत्री चंद्र सिंह, चालक नरेंद्र सिंह (40) पुत्र चंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह (60) पुत्र किशन सिंह, होशियार सिंह (65) पुत्र भीम सिंह, शान्ति देवी (50) पत्नी केशव राम, दीक्षा (26) पत्नी पंकज बोरा।





हादसे के घायल

विनीता (20) पुत्री बहादुर सिंह बोकटा गांव



योगेश कुमार पुत्र किशन राम छात्र

श्याम सिंह मुनौला (35) पुत्र बहादुर सिंह



दीवान सिंह (55) पुत्र भीम सिंह

सुमित सिंह (22) पुत्र प्रवीण सिंह।



पूजा मुनौला (30) पत्नी कुंदन सिंह मुनौला।

हादसे पर मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया

देहरादून। पिथौरागढ़ हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने जिला प्रशासन और राहत-बचाव दलों को रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि घायलों को उचित व निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें