पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ कैंपस के वाणिज्य विभाग में मात्र दो प्राध्यापकों पर स्नातक और स्नातकोत्तर के 572 छात्र-छात्राओं को पढ़ाने का जिम्मा है। दो प्राध्यापकों के पद रिक्त होने से मौजूदा प्राध्यापकों के अन्य विभागीय कार्य में व्यस्त रहने पर कई बार पठन-पाठन प्रभावित हो जाता है।
वाणिज्य विभाग में स्नातक स्तर पर 559 और स्नातकोत्तर में 13 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विभाग में प्राध्यापक डॉ. अभिषेक पंत और जाहिद मुस्तफा कार्यरत हैं। प्राध्यापकों के दो पद रिक्त हैं। सुबह 10 बजे से बीकॉम प्रथम से लेकर तृतीय सेमेस्टर की कक्षाओं का पठन-पाठन किया जाता है।
किसी दिन अगर कोई बैठक या जरूरी काम पड़ जाए तो दोनों को कक्षाएं जल्दी छोड़नी पड़ती हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो जाती है। कैंपस के निदेशक डॉ. हेमचंद्र पांडेय ने बताया कि अतिथि प्राध्यापकों के माध्यम से विभाग में प्राध्यापकों की कमी को दूर किया जाएगा। विश्वविद्यालय को इस बारे में अवगत कराया गया है।
वाणिज्य विभाग में तैनात प्राध्यापकों के अपने भी जरूरी काम होते हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो जाती है। विभाग में दो और प्राध्यापकों की जरूरत है। - रितिक पांडेय, छात्रसंघ अध्यक्ष।
कैंपस प्रबंधन को वाणिज्य विभाग में प्राध्यापकों के नियुक्ति के लिए प्रयास करना चाहिए। 500 से अधिक छात्र-छात्राओं की पढ़ाई की जिम्मा सिर्फ दो प्रवक्ता कैसे पूरा करेंगे। - विनय वल्दिया, छात्रनेता।