देवलथल (पिथौरागढ़)। देवलथल तहसील क्षेत्र के बनीगांव बिसौनाखान में दो युवाओं ने पिता-पुत्र के साथ मारपीट कर दी। इसमें कविंद्र सिंह को गंभीर चोट आई है। पिता पुत्र ने डीएम कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कविंद्र सिंह भंडारी और उनके पिता रणजीत सिंह सोमवार को डीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि 10 फरवरी को नशे में धुत गांव के दो युवा कई लोगों से अभद्रता कर रहे थे। जब इन युवाओं को रोका गया तो उन्होंने कविंद्र के साथ मारपीट कर दी। जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि आरोपियों के पास बिना लाइसेंस की बंदूक भी है। इसलिए आरोपियों से उन्हें भविष्य में भी खतरा है। उन्होंने डीएम से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं राजस्व उप निरीक्षक बिपिन कापड़ी ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।