अस्कोट में मल्लिकार्जुन महोत्सव के उद्घाटन पर कलश यात्रा निकालती महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
अस्कोट के मल्लिकार्जुन महादेव मंदिर में चार दिनी मल्लिकार्जुन महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। इस दौरान महिलाओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ गोरी और काली नदी के संगम से भगवान मल्लिकार्जुन महादेव मंदिर तक कलश यात्रा निकाली। स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने महोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।
मल्लिकार्जुन महोत्सव का शुभारंभ महिलाओं द्वारा निकाली गई कलश यात्रा के साथ किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ करते हुए ब्लॉक प्रमुख प्रशांत भंडारी ने सभी से महोत्सव के सफल आयोजन में सहयोग देने की अपील की। इस दौरान संरक्षक मंडल के प्रदीप पाल, कुंवर भानुराज पाल, वीरजंग पाल, विक्रम पाल, कृष्ण बहादुर पाल आदि ने मल्लिकार्जुन महोत्सव पत्रिका का विमोचन किया। महोत्सव समिति के अध्यक्ष महेश पाल ने महोत्सव में आए सभी अतिथियों का आभार जताया।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के तहत दिन में सांस्कृतिक कार्यक्रम तो रातभर मंदिर में भजन कीर्तन होंगे और मल्लिकार्जुन महादेव की धूनी जलाई जाएगी। इस दौरान मंदिर के पुजारी पंडित नारायण दत्त पंत ने मंदिर में पूजा पाठ कर क्षेत्र की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की। महोत्सव में आनंद बल्लभ ओझा, तनुज पाल, मनोज लुंठी, सुंदर सिंह बिष्ट, गोविंद पाल, कमल कुमार आदि सहयोग दे रहे हैं।