गर्मी के सीजन में स्रोत सूखने के कारण पेयजल संकट का रोना रोने वाला जल संस्थान पर्याप्त बारिश, स्रोतों के रिचार्ज होने के बावजूद लोगों को पेयजल उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। सूखे हुए सभी स्रोत 60 फीसदी तक रिचार्ज हो गए हैं, जिन इलाकों में ज्यादा बारिश हुई है, वहां पर नए स्रोतों में पानी आने लगा है। जुलाई में अब तक 15 दिन बारिश के रहे हैं और इस अवधि में 300 एमएम से ज्यादा बारिश हो चुकी है। अभी बारिश की संभावना बनी है, जबकि पिछले साल पूरे जुलाई भर में 266 एमएम बारिश हुई थी।
इस बार स्थिति यह है कि जल संस्थान गर्मी के सीजन से लेकर अब तक किसी भी दिन उपभोक्ताओं को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं करा पाया है। जिला मुख्यालय में समस्या अभी गंभीर है। जल संस्थान ने रविवार को भारी बारिश के कारण सिल्ट आने से सप्लाई जीरो कर दी थी। सोमवार को आंशिक रूप से सप्लाई हो पाई। मंगलवार को नगर के तमाम हिस्सों में पेयजल का वितरण नहीं हो पाया। यह बात अलग है कि जल संस्थान की नगरीय क्षेत्र की योजनाएं स्रोतों से नहीं बनी हैं, लेकिन जिन छोटी नदियों से योजनाएं बनाई गई हैं उनमें पानी का स्तर बढ़ गया है।
मसलन पिथौरागढ़ नगर को पेयजल सप्लाई करने वाली ठुलीगाड़ पंपिंग योजना में गर्मी के सीजन में पानी की कमी के कारण मात्र एक पंप चलाना पड़ता था, अब ठुलीगाड़ में पर्याप्त पानी होने के बावजूद जल संस्थान पानी लिफ्ट नहीं कर पा रहा है। जल संस्थान के ईई आरके वर्मा का कहना है कि नदी में सिल्ट, लकड़ी, पत्थर बारिश के समय बहकर आते हैं। उस समय पंप चलाने में खतरा रहता है। इस कारण पंपिंग बंद करनी पड़ती है। बीच में पानी की सप्लाई ठप रहने के पीछे भी यही कारण रहे हैं।
डीडीहाट, बेड़ीनाग में किल्लत समाप्त
डीडीहाट/बेड़ीनाग। गर्मियों में पेयजल किल्लत झेलने वाले डीडीहाट और बेड़ीनाग नगर में बारिश के बाद पेयजल का संकट समाप्त हो गया है। जल संस्थान डीडीहाट के ईई बिलाल यूनुस ने बताया कि दोनों नगरों में प्राकृतिक स्रोतों वाली पेयजल योजनाएं हैं। स्रोतों का स्तर 40 से 60 फीसदी तक रिचार्ज हो गया है। अब पेयजल की सप्लाई सामान्य हो गई है।
ग्रामीण इलाकों में आपदा से पैदा हुआ संकट
डीडीहाट। ग्रामीण इलाकों में भारी बारिश और आपदा के दौरान पेयजल लाइन टूटने से संकट पैदा हुआ है। जल संस्थान के डीडीहाट डिवीजन में अभी 42 ग्रामीण पेयजल योजनाएं ठप पड़ी हैं। इनकी मरम्मत का काम शुरू नहीं हो पाया है। जल संस्थान ने टूटी लाइनों की मरम्मत के लिए धन की मांग की है। गांवों में लोगों को कम से कम अक्तूबर तक संकट झेलना पड़ेगा। बारिश बंद होने के बाद ही लाइनों की मरम्मत हो पाएगी।
गुड़ौली के लोगों को नहीं मिल रहा पानी
कनालीछीना (पिथौरागढ़)। गुड़ौली में लोगों को एक सप्ताह से पानी नहीं मिल रहा है। ग्राम प्रधान पार्वती देवी ने बताया कि सकरा-गुड़ौली पेयजल योजना में पानी न चलने से गांव के लोग परेशान हो गए हैं। दूर-दूर से पानी ढो रहे हैं। जल संस्थान के जेई एसबी भट्ट का कहना है कि योजना क्षतिग्रस्त हुई है। मरम्मत की जा रही है। दो दिन के भीतर पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी।