धारचूला (पिथौरागढ़)। व्यास घाटी के ज्योंलिंगकांग (14500 फुट) में स्थित पार्वती कुंड में जमा बर्फ पिघलने से यात्रियों को राहत मिली है। कुंड का जल पिछले सप्ताह से साफ नजर आने लगा है। अब यात्री कुंड में स्नान करने लगे हैं। मौसम ठीक होने के कारण यात्री आदि कैलाश पर्वत, शिव पार्वती मंदिर और पार्वती कुंड के भव्य दर्शन कर पा रहे हैं।
आदि कैलाश की यात्रा कर मंगलवार को धारचूला लौटने पर वेस्ट बंगाल से आए यात्री सैकत मंडल, ममता बाइन, सप्तदीपा मंडल, अविजीत नस्कर और अर्पिता बाइन ने बताया कि आदि कैलाश पर्वत, शिव पार्वती मंदिर, पार्वती कुंड, ओम पर्वत, व्यास गुफा आदि के भव्य दर्शनों से मन को काफी सुकून मिला। उन्होंने यात्रा को अद्भुत बताया। सैकत मंडल ने बताया कि आदि कैलाश क्षेत्र में वर्तमान समय चारों ओर बर्फ होने से दृश्य काफी मनमोहक बना है। उन्होंने बताया कि आदि कैलाश यात्रा के बाद दारमा वैली के प्रसिद्ध पंचाचुली शिखर के दर्शन और जीरो पॉइंट की लगभग 12 किलोमीटर की पैदल ट्रेक की।