पिथौरागढ़। नगर क्षेत्र में नजूल यानि सरकारी भूमि पर माफिया की नजर है। माफिया नजूल भूमि को फ्री होल्ड कराए बगैर इसकी खरीद-फरोख्त करने के साथ ही इसमें निर्माण कार्य कर रहे हैं। प्राधिकरण ने भी ऐसे 40 मामले पकड़े हैं जिनमें भवनों का निर्माण कार्य हो रहा है।
बुधवार को सोर नजूल फ्री होल्ड संघर्ष समिति ने नगर क्षेत्र के भीतर अवैध रूप से नजूल भूमि की खरीद-फरोख्त की जांच की मांग पर डीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि कुछ रसूखदार बगैर नजूल भूमि को फ्री होल्ड कराए ही सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचाकर करोड़ों रुपये में इसे बेच और खरीद रहे हैं।
नगर के पुराना बाजार, नयाबाजार, सिमलगैर वार्ड में कुछ लोगों ने नजूल भूमि को बिना मालिकाना हक हासिल किए ही खरीदा और बेचा है। उन्होंने नगर निगम और प्राधिकरण की कार्यशैली पर सवाल उठाते जांच की मांग की है। प्राधिकरण ने भी ऐसे मामलों में संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनसे साफ है कि नगर में नजूल भूमि की खरीद-फरोख्त और उस पर अवैध निर्माण कार्य हो रहे हैं।
बोले लोग
नजूल भूमि की अवैध खरीद-फरोख्त हो रही है और जिम्मेदार नींद में हैं। गरीब लोग नजूल भूमि पर मालिकाना हक न मिलने से अपने जर्जर भवनों का नवनिर्माण नहीं कर पा रहे हैं। रसूखदारों ने इस भूमि पर बड़ी-बड़ी इमारतें खड़ीं कर डाली हैं। - उमेश लाल साह, संयोजक, नजूल फ्री होल्ड संघर्ष समिति
- नगर में नजूल नीति का मखौल उड़ाया जा रहा है। अवैध तरीके से नजूल भूमि खरीदी और बेची जा रही है। नगर निगम और प्राधिकरण अपनी जिम्मेदारी भूल गया है। नजूल भूमि की अवैध खरीद-फरोख्त पर रोक लगनी चाहिए। - सुशील खत्री, पार्षद, पुरानी बाजार
कोट -
अब तक नजूल भूमि की अवैध खरीद-फरोख्त का मामला सामने नहीं आया है। यदि आएगा तो निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी। नगर निगम इन मामलों की जानकारी जुटाएगा। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। - राजदेव जायसी, सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम, पिथौरागढ़
-
नजूल भूमि पर निर्माण कार्य के 40 मामले सामने आए हैं। निर्माण कार्य पर रोक लगाते हुए संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नजूल भूमि को फ्री होल्ड कराए बगैर इस पर निर्माण कार्य के लिए कोई भी नक्शा पास नहीं किया गया है और ना किया जाएगा। - योगेंद्र सिंह, एडीएम, पिथौरागढ़