मदकोट में रास्ता निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
वर्ष 2013 की आपदा में ध्वस्त मदकोट बाजार के रास्ते की मरम्मत न होने से गुस्साए लोगों ने शनिवार को प्रदेश सरकार और सीमा सड़क संगठन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने रास्ते का निर्माण न होने पर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है।
लोगों का कहना था कि वर्ष 2013 की आपदा में मदकोट बाजार तबाह हो गया था। लोगों के घर, दुकानें गोरी नदी में समा गई थी। बीच बाजार से गुजरने वाली सड़क और पैदल रास्ता भूस्खलन की भेंट चढ़ गया, लेकिन अब तक सरकार ने मदकोट के लोगों के लिए पैदल रास्ते का निर्माण नहीं किया।
क्षतिग्रस्त रास्ते से गुजरते समय पांच लोग अब तक खाई में गिर गए हैं। क्षतिग्रस्त रास्ता लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। प्रदर्शन में पूर्व प्रधान गंगा सिंह, किशन सिंह, कैलाश सिंह, हरीश वर्मा, इंद्र सिंह, रामती देवी, सती देवी, दीपा देवी आदि थे।