अस्कोट महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करते कलाकार
- फोटो : अमर उजाला
मल्लिकार्जुन महोत्सव के तीसरे दिन सांस्कृतिक संस्था देवभूमि कला मंच झूलाघाट ने कार्यक्रमों की सुंदर प्रस्तुति देकर दर्शकों को मन मोह लिया। विभिन्न स्कूलों की खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया।
सोमवार रात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन कांग्रेस प्रदेश महामंत्री पिथौरागढ़ पालिका अध्यक्ष जगत सिंह खाती ने किया। विशिष्ट अतिथि डीडीहाट कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुष्पा देउपा ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक महोत्सव से स्थानीय संस्कृति का प्रसार होता है। देवभूमि कला मंच झूलाघाट के कलाकारों ने किस्मत मै छ बोजो बोकना गीत गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कलाकारों ने शादी न करना कुंवारे रहना वरना बेमौत मारे जाओगे, दैन होया मल्लिकार्जुन महादेवा, जय कृष्णा तेरी जय हो गीत गाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
स्थानीय कलाकार गोपाल सिंह ने विभिन्न बॉलीवुड अभिनेताओं की आवाज निकाली। स्थानीय कलाकार तेज सिंह बिष्ट ने तुमसे नाराज नहीं जिंदगी हैरान हूं मैं गीत गाकर समां बांध दिया। इससे पहले दोपहर में विभिन्न स्कूली बच्चों की जलेबी दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, कट्टा दौड़, प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जीआईसी अस्कोट, केबीएस पाल मेमोरियल स्कूल, चिल्ड्रेन पैराडाइज, ब्राइट बिगनिंग, प्राइमरी पाठशाला प्रथम और द्वितीय, कन्या जूनियर हाईस्कूल खोलियागांव के बच्चों ने लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सफल बनाने में शिक्षक कमला अवस्थी, कैलाश पंत, राज नारायण धामी, विनोद पंत, यजुवेंद्र पाल ने सहयोग किया। संचालन गोविंद भंडारी ने किया।